24 घंटे में 32 हजार नए मामलों के साथ कुल संक्रमित 97 लाख 35 हजार
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या अब एक करोड़ के करीब पहुंच चुकी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से बुधवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान 32,080 नए मरीज मिले हैं, 36,635 मरीज ठीक हुए हैं और 402 मरीजों की मौत हुई है। इसके साथ ही कुल संक्रमितों का आंकड़ा 97.35 लाख और ठीक हो चुके मरीजों का आंकड़ा 92.15 लाख पर पहुंच गया है। अब तक 1,41,360 मरीजों की जान भी जा चुकी है। सक्रिय मामले 3.78 लाख रह गए हैं जो कुल संक्रमितों का 3.89 फीसद है। अब तक सामने आए 97 लाख से अधिक संक्रमितों में से 92 लाख से अधिक ठीक भी हो चुके हैं। सक्रिय मामलों में भी लगातार गिरावट आ रही है। 1.41 लाख से अधिक मरीजों की अब तक जान भी जा चुकी है। मरीजों के उबरने की दर बढ़कर 94.66 फीसद हो गई है और मृत्युदर गिरकर 1.45 फीसद पर आ गई है। मंत्रालय ने कहा कि देश में कोरोना के प्रतिदिन औसत 10 लाख से अधिक परीक्षण किए जा रहे हैं, जिससे यह सुनिश्चित हुआ है कि नए संक्रमितों की कुल संख्या का स्तर कम बना हुआ है और इनमें कमी भी आ रही है।
भारत में लगभग 15 करोड़ नमूनों की कोरोना वायरस संबंधी जांच हो चुकी है। मंगलवार को भी 10.22 लाख नमूनों की जांच की गई। मंत्रालय ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों की पुष्टि की राष्ट्रीय दर 6.50 प्रतिशत बनी हुई है। संक्रमण के प्रतिदिन पुष्ट मामलों की दर 3.14 फीसद है। 19 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में संक्रमण के पुष्ट मामलों की साप्ताहिक दर राष्ट्रीय औसत से अधिक है।