नगरीय निकायों में होगा प्रशासनिक समितियों का गठन : मुख्यमंत्री श्री चौहान | Nagriy nikayo main hoga prashasnik samitiyo ka gathan

नगरीय निकायों में होगा प्रशासनिक समितियों का गठन : मुख्यमंत्री श्री चौहान

मंत्रियों को कोरोना नियंत्रण के लिये संभाग आवंटित 

रतलाम (यूसुफ अली बोहरा) - मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि कोरोना से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए मंत्रियों को प्रदेश के संभागों का प्रभार दिया गया है। डॉ. नरोत्तम मिश्रा को भोपाल एंव उज्जैन संभाग, श्री तुलसी सिलावट को इंदौर एवं सागर संभाग, श्री कमल पटेल को जबलपुर एवं नर्मदापुरम संभाग, श्री गोविंद सिंह राजपूत को चंबल एवं ग्वालियर संभाग और सुश्री मीना सिंह को रीवा एवं शहडोल संभाग का प्रभार सौंपा गया है। श्री चौहान ने कहा कि मंत्रियों को विभाग भी शीघ्र आवंटित किये जाएंगे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सभी मंत्री दिए गए संभागों में कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर, एस.पी., स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य अमले से निरंतर समन्वय बनाए रखकर कोरोना के विरूद्ध अच्छी से अच्छी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करेंगे। श्री चौहान ने कहा कि मंत्री-मंडल के सदस्य मंत्री जन-प्रतिनिधियों, समाजसेवी संगठनों आदि का सक्रिय सहयोग लेंगे और जनता का फीडबैक भी प्राप्त करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि वर्तमान कोरोना संकट को देखते हुए हमने मंत्रिमंडल छोटा बनाया है परंतु यह संतुलित है। समाज के हर वर्ग को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन समाप्त होने के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि आज केबिनेट की बैठक में प्रदेश में कोरोना की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। मंत्रियों को विगत 24 मार्च से आज 21 अप्रैल तक सरकार द्वारा लिए गए फैसलों से अवगत कराया गया। श्री चौहान ने कहा कि सरकार द्वारा कोरोना संकट से निपटने के लिए प्रभावी रणनीति पर कार्य किया जा रहा है।

नगरीय निकायों में प्रशासकीय समितियाँ

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि हमने हाल ही में जिला एवं जनपद पंचायतों के सदस्यों एवं अध्यक्षों का कार्यकाल बढ़ाया है। उन्होने कहा कि आज यह फैसला लिया गया है कि नगरीयनिकायों में प्रशासकीय समितियों का गठन किया जाएगा। ये समितियाँ भी वर्तमान में कोरोना संबंधी कार्यों की मॉनीटरिंग करेंगी। इनमें मेयर, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष आदि होंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post