88 वीं अणु जन्म जयंती पर हुए कई आयोजन
तप और त्याग के साथ मनाई गई जन्म जयंति
मेघनगर (जुजर अली बोहरा) - आचार्य भगवंत जिनशासन गौरव पूज्य गुरुदेव श्री उमेशमुनिजी म.सा. की 88वीं जन्म जयंती अणु स्वाध्याय भवन पर पंडित रत्न पूज्य अभिषेकमुनिजी म.सा.एवं चरित्रप्रभाजी महासती आदि ठाणा के सानिध्य में अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस प्रसंग पर पूज्य श्री अभिषेकमुनिजी म.सा.ने महापुरुषों के गुणों को ग्रहण करने के विषय में कहा कि हर व्यक्ति में कोई ना कोई गुण रहते हैं। चोर व डाकू में भी कोई ना कोई गुण रहता है,तो महापुरुषों के जीवन में कितने गुण होंगे ? हमें उनके गुणों को जीवन में उतारने के लिए प्रयास करना चाहिए। हम प्रायः हमसे जुड़े हुए और प्रिय व्यक्तियों में ही गुण देखते हैं लेकिन जिनसे हमारा जुड़ाव नहीं है उनके गुण हमको दिखाई नहीं देते।गुणदर्शन के साथ गुणवर्णन और गुणग्रहण भी जरूरी है।
अणु स्वाध्याय भवन पर नवकार महामंत्र के जाप के पश्चात उमेश चालीसा एवं गुरुस्तुति भी हुई पश्चात गुणानुवाद सभा में आशा पीचा, रवि सुराना व विनोद बाफना ने आचार्य भगवंत के जीवन पर अपने विचार व्यक्त किए।भविक मेहता ने भी बाल गीत की प्रस्तुति दी।संचालन मनीष नाहटा ने किया।
अणु जयंती के अवसर पर सामूहिक एकासन का आयोजन भी हुआ। महावीर भवन भोजनशाला पर हुए इस आयोजन में 111 तपाराधको ने एकासन किये। इस अवसर पर कई तपाराधकों ने उपवास के प्रत्याख्यान लिए। पुष्पा प्रदीप ओरा ने अट्ठम तप की आराधना की। सभी सदस्यों की श्री संघ द्वारा अनुमोदना की गई। एकासन व एकासना की प्रभावना के मुख्य लाभार्थी हंसमुखलाल वागरेचा, सुरेशचंद पप्पू भैया जैन,विनोद बाफना, महेंद्रकुमार पीचा, अशोक छाजेड़, विपुल धोका, सुभाषचंद्र झामर,पवन श्रीश्रीमाल एवं एक परमअणु भक्त परिवार रहे। इनके अतिरिक्त अनेक दानदाताओं ने भी सहयोग राशि प्रदान की। दोपहर 1:00 बजे से बस स्टैंड पर अणु जन्म जयंती के उपलक्ष्य में मिठाई एवं नमकीन का वितरण भी किया गया। व्याख्यान की प्रभावना का लाभ हंसमुखलाल वागरेचा एवं श्यामसुंदर प्रकाशचंद भंडारी परिवार ने लिया। अणु स्मृति दिवस के साथ ही पक्खी पर्व भी तप त्याग से मनाया गया।
Tags
jhabua


