स्व. कन्हैयालाल वैद्य के नाम पर शासकीय कॉलेज के नामकरण की मांग तेज
उच्च शिक्षा मंत्री से मिले नगरीय पत्रकार समिति के सदस्य
थांदला (कादर शेख) - नगरीय पत्रकार समिति के सदस्यों ने क्षेत्रीय विधायक वीरसिंह भूरिया के नेतृत्व में शुक्रवार को भोपाल में उच्च शिक्षा मंत्री श्री जीतू पटवारी से मुलाकात की। समिति के सदस्यों ने बताया कि स्व. श्री कन्हैयालाल वैद्य झाबुआ जिले की पत्रकारिता के आधार स्तंभ रहे है। वे देश की प्रथम राज्यसभा के मनोनीत सदस्य होने के साथ-साथ स्वंतत्रता संग्राम सेनानी भी रहे है। इसके साथ ही श्री वैद्य जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष का दायित्व भी संभाल चुके हैं। कई बार उनके कहने पर पं. जवाहरलाल नेहरू ने आदिवासी अंचल के लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं का हल भी किया है। राज्यसभा में उनका मनोनयन भी पं. नेहरू ने ही किया था। पत्रकारों ने मंत्री श्री पटवारी को बताया कि थांदला की माटी में जन्मे श्री वैद्य के नाम पर आदिवासी अंचल में कोई भी स्मृति चिह्न या स्मारक नहीं होने से इस महान सेनानी के जीवन वृत्त के बारे में आने वाली पीढ़ी को कोई जानकारी नहीं मिल सकेगी। इस हेतु शासकीय महाविद्यालय थांदला का नामकरण करने हेतु मंत्री पटवारी से आग्रह भी किया गया है। ज्ञात हो कि उज्जैन संभाग में स्व. वैद्य के नाम पर पत्रकारिता के क्षेत्र में 1 लाख रूपए का पुरस्कार भी दिया जाता है। जबकि उनकी जन्म भूमि थांदला में उनके नाम पर कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं किया गया है। इस हेतु इस महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी को श्रद्धाजंलि देने हेतु स्थानीय शासकीय महाविद्यालय का नाम उनके नाम पर किया जाना उचित होगा। साथ ही पत्रकार साथियों ने एक फरवरी को थांदला में स्व. वैद्य की जन्म जयंती पर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने हेतु आग्रह किया है। जिस पर मंत्री पटवारी ने कार्यक्रम में उपस्थित होने हेतु आश्वस्त किया है। इस दौरान विधायक भूरिया के साथ जिला पत्रकार संघ के महासचिव अक्षय भट्ट, आंचलिक पत्रकार संघ के जिलाध्यक्ष सुधीर शर्मा, भारतीय पत्रकार संघ के प्रदेश सचिव मनोज उपाध्याय सहित कई पत्रकार साथी मौजूद थे।
Tags
jhabua