बालक आश्रम से गायब हुए दो नौनिहाल, जर्जर भवन में मिले | Balak ashram se gayab hue 2 nonihal jarjar bhavan main mile

बालक आश्रम से गायब हुए दो नौनिहाल, जर्जर भवन में मिले

बालक आश्रम से गायब हुए दो नौनिहाल, जर्जर भवन में मिले

डिंडौरी (पप्पू पड़वार) - जिला डिंडौरी के जनपद मुख्यालय मेहंदवानी में संचालित वृहद बालक आश्रम से दो नौनिहाल बच्चों के सोमवार की शाम अचानक गायब हो जाने का मामला सामने आया है। आनन फानन में परिजनों को भी सूचना दी गई। रात भर परिजनों के साथ छात्रावास के कुछ कर्मी भी बच्चों को ढ़ूंढ़ते रहे, लेकिन गायब छात्रों को कोई पता नहीं लग पाया। मंगलवार की सुबह बच्चे गांव के बाहर बने वनरक्षक जर्जर आवास के पास मिले। परिजनों ने बच्चों के मिलने की सूचना छात्रावास अधीक्षक को भी दी। बच्चों के छात्रावास से गायब होने और छात्रावास के जिम्मेदारों को भनक तक न लगने का मामला चर्चाओं में है। इस मामले में कई तरह के सवाल भी उठ रहे हैं।

जर्जर भवन में गुजारी रात

बच्चों से जब परिजनों ने जानकारी ली तो पता चला कि मेहंदवानी थाना अंतर्गत ग्राम डोभी निवासी दोनों नौनिहाल बच्चे रात भर वनरक्षक के लिए बने जर्जर आवास में रहे। दरवाजा बंद होने से बच्चे टूटी खिड़की से अंदर गए। रात भर बच्चे भूखे प्यासे यहीं रहे। बताया गया कि दो बच्चे छात्रावास से गायब हुए थे, उनमें एक कक्षा पहली का और दूसरा कक्षा तीसरी का है। बच्चे अचानक कैसे गायब हुए यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। बच्चे भी इतने डरे हुए हैं कि वे परिजनों को भी इस संबंध में कुछ नहीं बता रहे हैं।

आश्रम के जिम्मेदारों पर उठे सवाल

मेहंदवानी में संचालित बालक आश्रम में 87 बच्चे रह रहे हैं। सभी परिजन अपने बच्चों को आश्रम के जिम्मेदारों की अभिरक्षा में रखे हुए हैं, लेकिन छोटे बच्चों का इस तरह छात्रावास से निकल जाना जिम्मेदारों पर ही सवाल उठा रहा है। बताया गया कि मेहंदवानी से डोभी गांव की दूरी लगभग सात किलोमीटर है। बच्चे पैदल ही गांव तक पहुंचे। मंगलवार को परिजन बच्चों को लेकर छात्रावासा आए। विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा इस मामले की जांच कराने के लिए कहा गया है।

इनका कहना है

मैं अपने बच्चे का एडमीशिन कराने अवकाश लेकर जबलपुर गया था। दोनों बच्चे शाम पांच बजे नाश्ता करने के बाद छात्रावास से निकल गए। चौकीदार की लापरवाही भी है। अन्य कर्मचारी खाना बनाने में लगे थे। कोई देख नहीं पाया। जब मैं आया तो मुझे मालूम हुआ। परिजनों को सूचना दी गई। बच्चे रात भर वन विभाग के भवन में थे। सुबह मिल गए हैं। इस मामले में चौकीदार पर कार्रवाई की जाएगी।
सोनू लाल धुर्वे, अधीक्षक बालक आश्रम मेहंदवानी

Post a Comment

Previous Post Next Post