रीवा में SBI एटीएम पर बदमाशों का धावा, गैस कटर से काटने की कोशिश; दिवाली के बाद दूसरी वारदात से सुरक्षा पर सवाल!

रीवा में SBI एटीएम पर बदमाशों का धावा, गैस कटर से काटने की कोशिश; दिवाली के बाद दूसरी वारदात से सुरक्षा पर सवाल!

रीवा। जिले में एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के दीनदयाल धाम पड़रा स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एटीएम को अज्ञात बदमाशों ने गैस कटर से काटकर कैश निकालने का प्रयास किया। वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों पर काला पेंट छिड़क दिया, ताकि उनकी पहचान सामने न आ सके। हालांकि, बदमाश अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके और एटीएम से नकदी निकालने में नाकाम रहे। इस दौरान मशीन को नुकसान पहुंचा है।

जानकारी के मुताबिक, बीती रात अज्ञात बदमाश एटीएम में पहुंचे और सुनियोजित तरीके से मशीन को काटने की कोशिश की। सुबह स्थानीय मेंटेनेंस टीम को एटीएम में तोड़फोड़ की जानकारी मिली, जिसके बाद बैंक अधिकारियों को सूचना दी गई। यह आउटसोर्स एटीएम है, जिसका रखरखाव हिताची कंपनी द्वारा किया जाता है। बैंक प्रबंधन के अनुसार, घटना में किसी तरह का वित्तीय नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन मशीन क्षतिग्रस्त हुई है।

इस घटना ने इसलिए भी चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि इसी एटीएम में दिवाली यानी 10 नवंबर को भी चोरी की वारदात हो चुकी थी। एक ही एटीएम को बार-बार निशाना बनाए जाने के बावजूद सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिरकार बदमाशों को इस एटीएम को निशाना बनाने का मौका कैसे मिल रहा है?

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब एक ही एटीएम में बार-बार वारदात हो रही है, तो उसकी सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए? क्या बैंक प्रबंधन, एटीएम रखरखाव कंपनी और सुरक्षा एजेंसियों के बीच जिम्मेदारी तय है? अब देखना होगा कि पुलिस आरोपियों तक कब पहुंचती है और एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था में क्या बदलाव किए जाते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post