ढोल-मांदल की थाप और बिरसा मुंडा के जयघोष से गूंजा सीहोर, जनजातीय गौरव दिवस पर निकली भव्य रैली

ढोल-मांदल की थाप और बिरसा मुंडा के जयघोष से गूंजा सीहोर, जनजातीय गौरव दिवस पर निकली भव्य रैली
सीहोर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस सीहोर में उत्साह, उमंग और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पीजी कॉलेज में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं नगर में निकाली गई रैली में जनजातीय समाज के लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर ढोल-मांदल की थाप पर नृत्य किया। भगवान बिरसा मुंडा के जयघोष से पूरा नगर गूंज उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला भाजपा अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सुरेंद्र मेवाड़ा एवं जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि सूर्य सिंह बारेला सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम में धार जिले के डही से आयोजित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण भी देखा और सुना गया।

बिरसा मुंडा का संघर्ष सदैव रहेगा प्रेरणास्रोत

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा और नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन में जनजातीय नायकों के योगदान और उनकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश शासन, शोषण और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष कर जनजातीय समाज में स्वाभिमान, एकता और अधिकारों के प्रति जागरूकता पैदा की।

उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन से जुड़े अधिकारों तथा जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के लिए बिरसा मुंडा का योगदान भारतीय इतिहास में विशेष स्थान रखता है। उनका जीवन साहस, आत्मसम्मान और अन्याय के खिलाफ संघर्ष की प्रेरणा देता रहेगा।

लोकगीत और नृत्य ने बिखेरे संस्कृति के रंग

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों ने गीत, संगीत और पारंपरिक नृत्य के माध्यम से जनजातीय समाज की समृद्ध लोककला और परंपराओं की आकर्षक झलक प्रस्तुत की। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

पारंपरिक वेशभूषा में निकली रैली, गूंजे जयकारे

सीहोर नगर में निकाली गई रैली जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन का प्रमुख आकर्षण रही। पारंपरिक वेशभूषा में शामिल महिला-पुरुषों और युवाओं ने ढोल-मांदल की थाप पर नृत्य करते हुए भगवान बिरसा मुंडा के जयकारे लगाए। रैली के माध्यम से जनजातीय समाज की एकता, सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली परंपराओं का संदेश दिया गया।

रोजगार योजना के हितग्राहियों को मिले स्वीकृति पत्र

कार्यक्रम के समापन अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा रोजगार योजना के अंतर्गत बैंक द्वारा स्वीकृत प्रकरणों के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं चेक वितरित किए गए। इस अवसर पर अनुसूचित जाति-जनजाति कार्य विभाग के जिला संयोजक अरविंद्र कुमार कुशवाहा सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस आयोजन के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत को याद करते हुए नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और इतिहास से जुड़ने का संदेश दिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post