
रीवा के अटल पार्क में रईसजादों की खतरनाक स्टंटबाजी, चलती कारों की छत से बाहर निकलकर दिखाए करतब
रीवा। शहर के बीच स्थित अटल पार्क में शनिवार को युवकों की खतरनाक स्टंटबाजी का मामला सामने आया है। करीब 15 युवकों का एक ग्रुप तेज रफ्तार कारों के साथ पार्क परिसर में घूमता और जानलेवा करतब दिखाता नजर आया। बताया जा रहा है कि ग्रुप के कुछ युवक चलती कारों की छत से बाहर निकलकर स्टंट कर रहे थे। इस दौरान स्कॉर्पियो, एक्सयूवी सहित कई महंगी गाड़ियां पार्क परिसर में दौड़ती रहीं।
जानकारी के अनुसार, युवकों का यह ग्रुप सोशल मीडिया पर वीडियो और रील बनाकर लोकप्रियता हासिल करने के लिए इस तरह की गतिविधियां करता है। सार्वजनिक स्थान पर तेज रफ्तार वाहनों से स्टंट करना न केवल यातायात नियमों की अनदेखी है, बल्कि दूसरे लोगों की जान को भी खतरे में डालने जैसा है।
बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर सवाल
अटल पार्क में प्रतिदिन सुबह और शाम बड़ी संख्या में बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और शहरवासी घूमने तथा समय बिताने पहुंचते हैं। ऐसे में पार्क के भीतर तेज रफ्तार कारें दौड़ाना और चलती गाड़ियों से बाहर निकलकर करतब दिखाना किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता है। सवाल यह भी है कि सार्वजनिक पार्क परिसर में वाहनों की ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए जिम्मेदार व्यवस्था कहां थी?
पुलिस ने लिया संज्ञान, कार्रवाई का भरोसा
मामले को लेकर अमहिया थाना प्रभारी मनोज गौतम ने बताया कि घटना संज्ञान में आई है। संबंधित युवकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अब पुलिस के सामने चुनौती ऐसे युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की है, ताकि भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की खतरनाक स्टंटबाजी पर रोक लगाई जा सके।
सवाल यह है कि सोशल मीडिया पर कुछ लाइक और व्यूज पाने के लिए आखिर लोगों की जान जोखिम में डालने की छूट किसने दे रखी है? पुलिस की कार्रवाई से ही ऐसे शौक के नाम पर सड़क और सार्वजनिक स्थलों को स्टंट का मैदान बनाने वालों पर लगाम लग सकती है।