![]() |
| स्वच्छता में रीवा का राष्ट्रीय डंका! देश के रिवर फ्रंट टाउन में मिला पहला स्थान, राष्ट्रपति ने किया सम्मानित |
रीवा। स्वच्छता के क्षेत्र में रीवा शहर ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे विंध्य क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में रीवा को 'स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन' श्रेणी में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने विजेता शहरों को सम्मानित किया।
समारोह में रीवा की ओर से राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, पूर्व निगमायुक्त डॉ. सौरभ सोनवणे, वर्तमान निगम आयुक्त अक्षत जैन एवं उपायुक्त प्रकाश द्विवेदी ने पुरस्कार प्राप्त किया।
बिलासपुर और वाराणसी को पछाड़ा
स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में रीवा ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि बिलासपुर दूसरे और वाराणसी तीसरे स्थान पर रहे। उल्लेखनीय है कि इस बार नदी किनारे बसे नगरीय निकायों का पहली बार अलग श्रेणी में मूल्यांकन किया गया। ऐसे में देशभर के नदी किनारे बसे शहरों के बीच रीवा का प्रथम स्थान प्राप्त करना विशेष उपलब्धि माना जा रहा है।
4751 से अधिक शहरों के बीच हुआ मुकाबला
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 इस राष्ट्रव्यापी अभियान का दसवां संस्करण रहा। इसमें देश के 4751 से अधिक शहरों का 10 प्रमुख क्षेत्रों और 43 संकेतकों के आधार पर मूल्यांकन किया गया। इस वर्ष की थीम 'स्वच्छता की नई पहल- बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ' रखी गई थी। इस संस्करण में गंगा टाउन श्रेणी का विस्तार करते हुए देशभर के नदी किनारे बसे शहरों को रिवर टाउन श्रेणी में शामिल किया गया।
मध्यप्रदेश के नौ शहरों को मिला राष्ट्रीय सम्मान
इस सर्वेक्षण में मध्यप्रदेश के नौ शहरों को विभिन्न श्रेणियों में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। इनमें रीवा के साथ जबलपुर, इंदौर, देपालपुर, देवास, उज्जैन, ग्वालियर, बुधनी और सागर शामिल हैं।
रीवा की इस उपलब्धि को शहर की स्वच्छता व्यवस्था, नदी तटों की साफ-सफाई और नगर निगम के प्रयासों से जोड़कर देखा जा रहा है। यह सम्मान केवल नगर निगम का नहीं, बल्कि शहर के नागरिकों, सफाई मित्रों और स्वच्छता अभियान में भागीदारी निभाने वाले प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान है।
राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह पहचान रीवा के लिए नई जिम्मेदारी भी लेकर आई है। अब सबसे बड़ी चुनौती इस उपलब्धि को बरकरार रखने और शहर के प्रत्येक वार्ड, नदी तट तथा सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता के इसी स्तर को बनाए रखने की होगी।
