रीवा में जुड़वा भाइयों की मौत से मचा हड़कंप, 20 घंटे बाद भी नहीं मिले शव

रीवा में जुड़वा भाइयों की मौत से मचा हड़कंप, 20 घंटे बाद भी नहीं मिले शव

रीवा। जिले के बिछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सिलपरा नहर में दो सगे जुड़वा भाइयों के डूबने की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतकों की पहचान अंशु सेन और प्रांशु सेन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों भाई कोचिंग समाप्त होने के बाद सिलपरा नहर पहुंचे थे। इसी दौरान सेल्फी लेने के प्रयास में अचानक उनका पैर फिसल गया और दोनों गहरे पानी में जा गिरे। हादसे के बाद से परिजन सदमे में हैं। घटना के करीब 20 घंटे बीत जाने के बावजूद दोनों भाइयों के शव बरामद नहीं होने से परिजनों और स्थानीय लोगों का आक्रोश बढ़ गया है।

शव नहीं मिलने से परिजनों में बढ़ा आक्रोश

घटना के बाद से ही परिजन अपने बच्चों के मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। काफी समय बीत जाने के बाद भी शवों का पता नहीं चलने से परिवार की बेचैनी बढ़ती जा रही है। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद प्रशासन ने गंभीरता से कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि समय रहते पुलिस और एसडीआरएफ की गोताखोर टीम द्वारा व्यवस्थित रेस्क्यू अभियान शुरू किया जाता तो स्थिति कुछ अलग हो सकती थी।

रीवा-शहडोल मार्ग पर चक्काजाम

प्रशासनिक कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने रीवा-शहडोल मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचें और दोनों भाइयों की तलाश के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू कराया जाए।

प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग

परिजन और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पर्याप्त बचाव दल तैनात करने तथा नहर में तलाश अभियान तेज करने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल चक्काजाम के चलते इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। घटना ने एक बार फिर नहरों और जलाशयों के आसपास सुरक्षा इंतजामों तथा प्रशासनिक आपातकालीन प्रतिक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



Post a Comment

Previous Post Next Post