![]() |
| 18 हजार रुपये की लूट के लिए 60 वर्षीय बुजुर्ग की गला घोंटकर हत्या, 24 घंटे में अंधी हत्या का खुलासा; दो आरोपी गिरफ्तार |
रीवा। जिले के अतरैला थाना क्षेत्र में 60 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या कर शव मिट्टी में दफनाने के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने महज 18 हजार रुपये लूटने के इरादे से बुजुर्ग की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को बहरा में दफना दिया। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर मृतक की लूना गाड़ी, मोबाइल फोन और 12,600 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
18 हजार रुपये लेकर बकरी खरीदने निकले थे बुजुर्ग
पुलिस के मुताबिक 6 नवंबर 2026 को रामबाई चिवका निवासी चौखण्डी ने अतरैला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पति लक्ष्मण चिवका (60) अपनी लूना गाड़ी से 18 हजार रुपये लेकर बकरी खरीदने कुरेली की ओर गए थे, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटे। शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की।
झाड़ियों में मिली लूना, बहरा में दफन था शव
तलाश के दौरान पुलिस को ग्राम कुरेली में बरसाती द्विवेदी की पड़ती जमीन की झाड़ियों में मृतक की लूना छिपी मिली। इसके आगे बहरा में मिट्टी की नई परत दिखाई दी। संदेह होने पर एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में खुदाई कराई तो मिट्टी के भीतर से लक्ष्मण चिवका का शव बरामद हुआ। परिजनों ने शव की पहचान की। इसके बाद पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई।
18 हजार रुपये के लिए गला घोंटकर की हत्या
पुलिस प्रेस नोट के अनुसार संदेही बुद्धसेन कोल और प्रभुनाथ कोरी से पूछताछ में हत्या की वारदात का खुलासा हुआ। पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपियों ने एक विधि विरुद्ध बालक के साथ मिलकर 18 हजार रुपये छीनने के उद्देश्य से बुजुर्ग की गला घोंटकर हत्या की और शव को बहरा में छिपा दिया। आरोपियों ने मृतक की लूना झाड़ियों में छिपाई और नकदी आपस में बांट ली।
दो आरोपी गिरफ्तार, एक बालक अभिरक्षा में
पुलिस ने बुद्धसेन कोल उर्फ मोहन उर्फ जोधा (22 वर्ष) निवासी पाण्डेय कुरेली और प्रभुनाथ कोरी उर्फ लल्लली (21 वर्ष) निवासी कुरेली को गिरफ्तार किया है। वहीं एक विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर मृतक की लूना गाड़ी, 12,600 रुपये नकद और नीले रंग का नोकिया की-पैड मोबाइल बरामद किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रीवा डॉ. गुरकरण सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा और एसडीओपी डभौरा नारायण सिंह कुशवाह के मार्गदर्शन में अतरैला पुलिस ने की। थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विजय सिंह सहित पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। महज 18 हजार रुपये की कथित लूट के लिए एक बुजुर्ग की हत्या की इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
