रीवा में कक्षा 7 की नई पुस्तकों पर संभाग स्तरीय प्रशिक्षण, 148 मास्टर ट्रेनर्स हुए शामिल

रीवा में कक्षा 7 की नई पुस्तकों पर संभाग स्तरीय प्रशिक्षण, 148 मास्टर ट्रेनर्स हुए शामिल

रीवा। शासकीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने और नई शिक्षा नीति के अनुरूप शिक्षण को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), रीवा में कक्षा 7 की नवीन पाठ्यपुस्तकों पर आधारित संभाग स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल के दिशा-निर्देशों के तहत 5 से 9 अक्टूबर 2026 तक चले इस प्रशिक्षण में 148 मास्टर ट्रेनर्स ने सहभागिता की।

प्रशिक्षण में रीवा, सीधी, सतना, सिंगरौली, मैहर और मऊगंज जिलों के 25 विकासखंडों से प्रतिभागी शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा 2023 के अनुरूप गणित, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान की नवीन पाठ्यपुस्तकों के प्रभावी उपयोग के लिए शिक्षकों को तैयार करना था।

प्रशिक्षण के दौरान गतिविधि-आधारित, व्यावहारिक और विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षण पद्धतियों पर जोर दिया गया। शिक्षकों को विषयों की अवधारणाओं को सरल तरीके से समझाने, विद्यार्थियों में तार्किक क्षमता विकसित करने तथा दैनिक जीवन से जोड़कर पढ़ाने के तरीकों से परिचित कराया गया।

कार्यक्रम में कक्षा 6 की नवीन पाठ्यपुस्तकों से प्राप्त अनुभवों और अधिगम लक्ष्यों पर भी चर्चा हुई, ताकि कक्षा 7 में शिक्षण प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाया जा सके।

प्रशिक्षण में शामिल मास्टर ट्रेनर्स से अपेक्षा की गई कि वे अपने-अपने विकासखंडों के शिक्षकों तक प्रशिक्षण की जानकारी और नई शिक्षण तकनीकें पहुंचाएंगे। इससे संभाग के शासकीय विद्यालयों में नवीन पाठ्यपुस्तकों के प्रभावी क्रियान्वयन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Post a Comment

Previous Post Next Post