जर्जर दीवार बनी काल, भरभराकर गिरी; महिला की मौत, दो ने भागकर बचाई जान

जर्जर दीवार बनी काल, भरभराकर गिरी; महिला की मौत, दो ने भागकर बचाई जान

रीवा/मनकहरी - रीवा जिले के सगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मनकहरी गांव में गुरुवार शाम करीब 4 बजे बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। जर्जर कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त मकान के अंदर तीन लोग मौजूद थे। दीवार गिरने से 45 वर्षीय सविता चतुर्वेदी मलबे में दब गईं, जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं दो अन्य लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।

जानकारी के अनुसार सविता चतुर्वेदी अपने कच्चे मकान में निर्माण कार्य करवा रही थीं। इसी दौरान बारिश के बीच अचानक मकान की जर्जर दीवार में हलचल होने लगी। खतरा भांपते हुए अंदर मौजूद तीनों लोगों ने बाहर निकलने का प्रयास किया। दो लोग किसी तरह मकान से बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन सविता का पैर मलबे में फंस गया। इससे पहले कि वह खुद को बाहर निकाल पातीं, दीवार का बड़ा हिस्सा उनके ऊपर जा गिरा।

मलबे में दब गईं महिला

दीवार गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बारिश के मौसम में जर्जर मकान की दीवार गिरने से हुई इस घटना ने एक बार फिर कमजोर और कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही सगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और मकान की स्थिति कितनी जर्जर थी, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।

बारिश के मौसम में लगातार कमजोर हो रही दीवारों और जर्जर मकानों को लेकर प्रशासन द्वारा समय रहते सर्वे और सुरक्षा संबंधी कदम उठाना जरूरी है, ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post