बेजुबान पशुओं की सुरक्षा के लिए शिव मारुति युवा संगठन की अनूठी पहल

पिछले तीन वर्षों से निरंतर जारी है रेडियम बेल्ट अभियान, इस वर्ष अब तक 250 बेल्ट बांधे जा चुके

अनूपपुर - अनूपपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में बेजुबान पशुओं को सड़क दुर्घटनाओं से बचाने के उद्देश्य से शिव मारुति युवा संगठन द्वारा चलाया जा रहा रेडियम बेल्ट अभियान पिछले तीन वर्षों से निरंतर जारी है। 23 जुलाई 2026 से इस वर्ष के अभियान की शुरुआत के बाद संगठन के सदस्यों ने अब तक 250 से अधिक निराश्रित गौवंशों के गले में रेडियम बेल्ट बांध दिए हैं।

अभियान के तहत संगठन के सदस्य प्रतिदिन शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर निराश्रित गौवंशों के गले में रेडियम बेल्ट बांध रहे हैं, ताकि रात्रि के समय वाहन चालकों को पशु दूर से ही दिखाई दें और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। यह पहल न केवल बेजुबान पशुओं की सुरक्षा का माध्यम बन रही है, बल्कि मानव जीवन की रक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

संगठन के सदस्यों ने बताया कि यह अभियान पूरी तरह निस्वार्थ सेवा भाव से संचालित किया जा रहा है। पिछले तीन वर्षों से लगातार इस जनहित कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है और हर वर्ष बड़ी संख्या में निराश्रित गौवंशों को रेडियम बेल्ट पहनाई जाती है। शिव मारुति युवा संगठन ने समाजसेवियों, युवाओं एवं आम नागरिकों से इस पुनीत अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति इस सेवा कार्य में अपना योगदान देना चाहता है, वह संगठन के साथ जुड़कर रेडियम बेल्ट लगाने के अभियान में सहभागी बन सकता है।

संगठन ने विश्वास व्यक्त किया कि आगे भी संगठन का एक-एक सदस्य निस्वार्थ भाव से मानव जीवन एवं निराश्रित गौवंशों की सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। "एक रिफ्लेक्टिव बेल्ट, एक जीवन की सुरक्षा" के संकल्प के साथ संगठन ने सभी नागरिकों से इस जनहित अभियान में सहभागी बनने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में अपना योगदान देने का आग्रह किया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post