| दो दिन से भूखी-प्यासी भटक रही थी 70 वर्षीय बुजुर्ग, पुलिस ने खाना खिलाकर सुरक्षित घर पहुंचाया |
शहडोल। सोहागपुर पुलिस ने मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए रास्ता भटककर दो दिनों से परेशान 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को सुरक्षित उसके घर पहुंचाया। महिला अपनी बेटी के घर जाने के लिए पैदल निकली थीं, लेकिन रास्ता भटक जाने के कारण दो दिनों तक इधर-उधर भटकती रहीं। इस दौरान उन्हें भोजन भी नहीं मिल पाया। जानकारी के अनुसार नरगी निवासी संपतिया बैगा अपनी बेटी के घर सुंदरी जाने के लिए पैदल निकली थीं। रास्ते में वह अपना रास्ता भूल गईं और दो दिनों तक भटकती रहीं। रात के समय वह सोहागपुर बाईपास के पास सड़क किनारे आराम कर रही थीं। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति की नजर बुजुर्ग महिला पर पड़ी। महिला की स्थिति को देखते हुए उसने तत्काल डायल-112 को सूचना दी।
सूचना मिलते ही आरक्षक अजीत सिंह और पायलट राजुल तिवारी मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने बुजुर्ग महिला से बातचीत कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह पिछले दो दिनों से भटक रही हैं और इस दौरान उन्होंने खाना नहीं खाया है। बुजुर्ग महिला की हालत को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने सबसे पहले उन्हें भोजन कराया। इसके बाद उनसे उनके घर और परिजनों के संबंध में जानकारी ली गई। महिला द्वारा बताए गए विवरण के आधार पर पुलिस टीम ने उनके गांव का पता लगाया।
इसके बाद पुलिसकर्मी बुजुर्ग महिला को सुरक्षित उनके गांव नरगी लेकर पहुंचे और परिजनों के सुपुर्द कर दिया। दो दिनों से परेशान महिला को सुरक्षित देखकर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिसकर्मियों का आभार व्यक्त किया। सोहागपुर पुलिस की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है। पुलिसकर्मियों ने केवल महिला को सुरक्षित घर पहुंचाने का काम ही नहीं किया, बल्कि पहले उनकी भूख और परेशानी को समझते हुए उन्हें भोजन कराया। यह घटना पुलिस की मानवीय संवेदनशीलता और बुजुर्गों के प्रति जिम्मेदारी को भी दर्शाती है।