| सौरव गांगुली की बायोपिक 'दादा' का फर्स्ट लुक आउट: लॉर्ड्स की बालकनी में जर्सी लहराते दिखे राजकुमार राव |
मुंबई: भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे सफल कप्तानों में से एक और 'दादा' के नाम से मशहूर सौरव गांगुली की जिंदगी अब बड़े पर्दे पर नजर आने वाली है। सौरव गांगुली पर बनने जा रही इस मच-अवेटीड बायोपिक का नाम 'दादा' (Dada) रखा गया है, जिसमें उनका आइकॉनिक किरदार बॉलीवुड के वर्सेटाइल एक्टर राजकुमार राव निभा रहे हैं। सौरव गांगुली के जन्मदिन के खास मौके पर राजकुमार राव ने इस फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर शेयर किया है, लेकिन पोस्टर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर जबरदस्त ट्रोलिंग का दौर शुरू हो गया है।
लॉर्ड्स का ऐतिहासिक पल और पोस्टर का लुक राजकुमार राव द्वारा शेयर किए गए पोस्टर में वह सौरव गांगुली के रूप में लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड की ऐतिहासिक बालकनी में खड़े नजर आ रहे हैं। नीले रंग के क्रिकेट ट्राउजर में राजकुमार हाथ में टीम इंडिया की जर्सी लहरा रहे हैं। यह पोस्टर साल 2002 के उस ऐतिहासिक पल की याद दिलाता है जब भारत ने नेटवेस्ट ट्रॉफी जीती थी और कप्तान गांगुली ने लॉर्ड्स की बालकनी से अपनी जर्सी उतारकर लहराई थी। पोस्टर पर एक दमदार टैगलाइन लिखी है—'उन्होंने सिर्फ खेला नहीं, खेल को बदल दिया'। इसके साथ ही फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट की भी घोषणा की गई है, जिसके मुताबिक यह फिल्म 14 मई 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
पोस्टर देखते ही भड़के नेटिजंस, मीम्स की आई बाढ़ फिल्म का पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे आड़े हाथों ले लिया और खराब एडिटिंग को लेकर राजकुमार राव को ट्रोल करना शुरू कर दिया। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, "चैट जीपीटी इससे बेहतर एडिट कर देता।" वहीं एक अन्य यूजर ने सलाह देते हुए लिखा, "अभी भी वक्त है, इसे डिलीट कर दो।" कुछ यूजर्स ने तो यहां तक कह दिया कि "इससे अच्छा तो दादा खुद ही अपनी बायोपिक में एक्टिंग कर लेते।"
हालांकि, जहां एक तरफ फिल्म के पोस्टर को लेकर आलोचना हो रही है, वहीं राजकुमार राव के फैंस उनके इस नए अवतार की जमकर तारीफ भी कर रहे हैं। यह पहला मौका है जब राजकुमार राव पर्दे पर किसी क्रिकेटर की भूमिका निभाने जा रहे हैं। सूत्रों की मानें तो राजकुमार ने सौरव गांगुली के बॉडी लैंग्वेज और मैनरिज्म को बखूबी पकड़ने के लिए कड़ी मेहनत की है। अब देखना होगा कि साल 2027 में रिलीज होने वाली यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर क्या कमाल दिखाती है।