पल्सर बाइक की सीट को ही बना दिया 'गांजे का गद्दा':कोण्डागांव पुलिस ने उड़ीसा से एमपी जा रहे दो अंतर्राज्यीय तस्करों को दबोचा

पल्सर बाइक की सीट को ही बना दिया 'गांजे का गद्दा':कोण्डागांव पुलिस ने उड़ीसा से एमपी जा रहे दो अंतर्राज्यीय तस्करों को दबोचा

कोण्डागांव - ओडिशा के रास्ते छत्तीसगढ़ से होकर मध्य प्रदेश तक मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के खिलाफ कोण्डागांव पुलिस ने एक बड़ी और अनोखी कार्रवाई की है। तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए इस बार पल्सर मोटरसाइकिल की सीट के भीतर ही गांजा ठूंस-ठूंस कर उसे कूरियर की तरह तैयार किया था। हालांकि, सटीक मुखबिर तंत्र की बदौलत कोण्डागांव पुलिस ने इस चालाकी को नाकाम करते हुए मध्य प्रदेश के एक शातिर तस्कर और उसके साथ मौजूद एक विधि से संघर्षरत (नाबालिग) बालक को गिरफ्तार कर लिया है।यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (SP) श्री पंकज चन्द्रा के कड़े निर्देशों पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चन्द्रा और एसडीओपी कोण्डागांव श्री रूपेश कुमार के कुशल मार्गदर्शन में अंजाम दी गई।

एनएच-30 दूधगांव चौक पर पुलिस की नाकाबंदी पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति एक काले और लाल रंग की पल्सर मोटरसाइकिल (क्रमांक MP 38 MJ 8492) में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर उड़ीसा के व्यापारीगुड़ा से मध्य प्रदेश की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही कोण्डागांव पुलिस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए नेशनल हाईवे-30 (NH-30) पर स्थित दूधगांव चौक के पास मजबूत चेक पोस्ट लगाकर गाड़ियों की घेराबंदी और चेकिंग शुरू की।

इसी दौरान मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार आ रही संदिग्ध पल्सर बाइक को रोका गया। बाइक चला रहे व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम अखिलेश दुबे (पिता गंगाराम दुबे, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम नरहेरा, थाना उदयपुरा, जिला रायसेन, मध्य प्रदेश) बताया। उसके साथ बाइक के पीछे एक नाबालिग लड़का भी बैठा हुआ मिला।

डिक्की और सीट कवर से निकला गांजा संदेह होने पर जब पुलिस टीम ने बाइक की गहन तलाशी ली, तो तस्करों की चालाकी देखकर हर कोई हैरान रह गया। आरोपियों ने मोटरसाइकिल की डिक्की के भीतर 3 किलोग्राम गांजा छिपाया था। इसके अलावा, उन्होंने पूरी बाइक की सीट को खोलकर उसके भीतर के फोम को निकालकर वहां गांजा भर दिया था और उसे वापस सीट कवर से ढक दिया था ताकि किसी को शक न हो।

पुलिस ने जब पूरी सीट को उखाड़ा, तो वहां से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुआ। जब्त किए गए कुल गांजे का वजन 10.335 किलोग्राम पाया गया, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने ₹2,00,000 का गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की गई ₹70,000 की पल्सर बाइक सहित कुल ₹2,70,000 का मशरूका जब्त किया है।

आरोपी भेजे गए जेल आरोपियों का यह कृत्य धारा 20(ख) एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत दंडनीय होने के कारण पुलिस ने दोनों के खिलाफ विधिवत मामला दर्ज किया। आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल दाखिल कर दिया गया है।

इस पूरी सफल और त्वरित कार्रवाई में निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, सहायक उप निरीक्षक महेश साहू, प्रधान आरक्षक अशोक कुमार मरकाम, सनीत शोरी, आरक्षक मोहन क्षत्रिय तथा सायबर सेल से स.उ.नि. सुरेंद्र बघेल, प्र.आर. अजय बघेल, आरक्षक सन्तोष कोडोपी और बिरजू सोरी की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post