| टीम इंडिया के लिए राहत की खबर: श्रीलंका दौरे से पहले जसप्रीत बुमराह ने पास किया फिटनेस टेस्ट, मिली हरी झंडी |
श्रीलंका दौरे पर रवाना होने से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के लिए एक बेहद अच्छी खबर सामने आई है। स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पूरी तरह से फिट घोषित कर दिए गए हैं। बीसीसीआई के 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' से उन्हें हरी झंडी मिल चुकी है, जिसके बाद अब वह श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में अपनी गेंदबाजी का जलवा बिखेरते नजर आएंगे।
गौरतलब है कि इंग्लैंड दौरे पर वनडे सीरीज के दौरान बुमराह के घुटने में चोट लग गई थी, जिसके कारण वह अंतिम मैच से बाहर हो गए थे। जब श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टेस्ट स्क्वॉड का ऐलान हुआ था, तब बुमराह को फिटनेस टेस्ट पास करने की शर्त पर टीम में शामिल किया गया था। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, बीसीसीआई सूत्र ने पुष्टि की है कि बुमराह चोट से पूरी तरह से उबर चुके हैं और भारतीय आक्रमण की अगुवाई के लिए तैयार हैं।
WTC 2027 फाइनल के लिहाज से अहम है यह दौरा भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच 15 अगस्त से शुरू होगा, जबकि दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से खेला जाएगा। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2027 के फाइनल में जगह बनाने के दृष्टिकोण से यह सीरीज भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। भारत को अपने बचे हुए 9 टेस्ट मैचों में से 7 में जीत दर्ज करनी है। ऐसे में बुमराह का फिट होना कप्तान शुभमन गिल और भारतीय टीम प्रबंधन के लिए बहुत बड़ी राहत है।
चोट के कारण कुछ खिलाड़ी बाहर जहाँ एक तरफ बुमराह की वापसी हुई है, वहीं भारतीय टीम को हर्षित राणा और नीतीश कुमार रेड्डी की कमी खलेगी, जो चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं। इसके अलावा ऑफ स्पिनर वाशिंगटन सुंदर भी हैमस्ट्रिंग की समस्या के चलते पहले टेस्ट मैच में उपलब्ध नहीं हो पाएंगे। भारत का इरादा श्रीलंका के खिलाफ 2008 से चले आ रहे अपने अजेय रिकॉर्ड को बरकरार रखने का होगा।