![]() |
| खाद-बीज संकट, जल निकासी और बिजली कटौती पर कांग्रेस का हल्ला बोल, कलेक्टर को सौंपा चार सूत्रीय ज्ञापन |
मऊगंज - जिले में किसानों और आम जनता से जुड़ी समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरिलाल कोल ने पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना के नेतृत्व में शुक्रवार को कलेक्टर को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर किसानों को पर्याप्त खाद-बीज उपलब्ध कराने, शहरी क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने, अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने तथा खनन के बाद छोड़ी गई खतरनाक खाइयों को भरवाने की मांग उठाई है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जिले में किसानों को जरूरत के अनुसार खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। पोर्टल पर टोकन नहीं मिलने और वितरण व्यवस्था प्रभावित होने से खरीफ सीजन की बुवाई पर असर पड़ रहा है। ऐसे में किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
ज्ञापन में मऊगंज, नईगढ़ी और हनुमना नगर क्षेत्रों की जल निकासी व्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस का कहना है कि लगातार बारिश के दौरान कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे लोगों को आवागमन और दैनिक गतिविधियों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। पार्टी ने सभी नगरीय निकायों में प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। अघोषित बिजली कटौती को लेकर भी कांग्रेस ने नाराजगी जताई। नेताओं का कहना है कि हल्की बारिश और हवा चलने पर भी घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोग परेशान हैं। पार्टी ने निर्बाध और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
इसके अलावा जिले में खनन के बाद छोड़ी गई गहरी खाइयों को आम लोगों और मवेशियों के लिए बड़ा खतरा बताते हुए इन्हें तत्काल भरवाने की मांग की गई। कांग्रेस ने ऐसे हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की भी मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों और आम जनता से जुड़ी इन समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो पार्टी जिलेभर में आंदोलन और प्रदर्शन को और तेज करेगी।
