![]() |
| दिल्ली पुलिस का बड़ा ऑपरेशन: भट्टी टेरर मॉड्यूल के 6 और संदिग्ध गिरफ्तार, बड़ी साजिश नाकाम |
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने देश की राजधानी को दहलाने की एक और बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। एक बड़े राष्ट्रव्यापी ऑपरेशन के तहत पुलिस ने 'शहजाद भट्टी नेटवर्क' के दो अलग-अलग मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए छह और संदिग्धों को दबोच लिया है। यह गिरफ्तारियां दिल्ली और पंजाब के विभिन्न इलाकों से की गई हैं।
हथियारों की तस्करी और आतंकी कनेक्शन शुरुआती जांच के अनुसार, पकड़े गए संदिग्ध दो अलग-अलग नेटवर्क के तहत संगठित तरीके से काम कर रहे थे। इनमें से एक मॉड्यूल सीधे तौर पर आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश में शामिल था, जबकि दूसरा मॉड्यूल अवैध हथियारों की तस्करी का नेटवर्क चला रहा था। पुलिस ने इन आरोपियों के कब्जे से कई अत्याधुनिक पिस्तौलें और पेट्रोल बम बरामद किए हैं। पुलिस का मानना है कि इस गिरोह के तार देश के कई अन्य राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं।
पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI का हाथ दिल्ली पुलिस के मुताबिक, यह पूरा नेटवर्क पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) के इशारे पर काम कर रहा था। आईएसआई एजेंट शहजाद भट्टी और उसके गुर्गों ने दिल्ली के प्रमुख धार्मिक स्थलों और पुलिस प्रतिष्ठानों की रेकी करने की जिम्मेदारी इन संदिग्धों को सौंपी थी। पकड़े जाने से बचने के लिए ये आरोपी विदेशी वर्चुअल नंबरों का इस्तेमाल कर रहे थे।
खुफिया इनपुट पर हुई छापेमारी स्पेशल सेल को खुफिया जानकारी मिली थी कि शहजाद भट्टी ने दिल्ली-एनसीआर में हमले के लिए पंजाब के युवाओं को इस टेरर नेटवर्क में भर्ती किया है। इसके बाद दिल्ली और पंजाब में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। इससे पहले भी इस मॉड्यूल के 4 आतंकियों को पकड़ा गया था, जिनसे पूछताछ के बाद ड्रोन से हथियार मंगाने और जिगाना पिस्टल की बरामदगी का खुलासा हुआ था। फिलहाल, पुलिस अन्य कड़ियों को जोड़ने के लिए पकड़े गए सभी 6 आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है।
