सेमरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध नशीली कैप्सूल बेचने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार, 520 प्रतिबंधित कैप्सूल व नकदी जब्त

सेमरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध नशीली कैप्सूल बेचने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार, 520 प्रतिबंधित कैप्सूल व नकदी जब्त

रीवा/सेमरिया - पुलिस अधीक्षक रीवा डॉ. गुरकरन सिंह के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा के निर्देशन तथा एसडीओपी रूपेंद्र धुर्वे के मार्गदर्शन में सेमरिया पुलिस ने अवैध नशीली दवाओं के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली टैबलेट (कैप्सूल) की बिक्री करने वाले पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 520 नग प्रतिबंधित कैप्सूल, बिक्री की नकदी और अन्य सामग्री जब्त की है।

थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में थाना सेमरिया में पदस्थ उप निरीक्षक ललन सिंह नेताम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कस्बा सेमरिया स्थित नगर परिषद द्वारा निर्मित एक दुकान में संजू गुप्ता अपनी पत्नी के साथ अवैध नशीली टैबलेट (कैप्सूल) बेचने का कार्य कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने दो स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर बताए गए स्थान पर दबिश दी।

पुलिस टीम को देखते ही दुकान पर मौजूद एक पुरुष और एक महिला भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान संजू उर्फ संजय गुप्ता (45 वर्ष) एवं सुरेखा उर्फ रेखा गुप्ता (43 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक-1, कस्बा सेमरिया, जिला रीवा के रूप में बताई।

इसके बाद पुलिस ने दुकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दुकान में रखे प्लास्टिक के कैरेट में लाल रंग की बोरी के भीतर एक काली पन्नी से PYEEVON SPAS PLUS नामक प्रतिबंधित नशीली टैबलेट (कैप्सूल) बरामद हुई। पुलिस ने आरोपियों से इन दवाओं के भंडारण एवं बिक्री संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वे कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके।

इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए कार्रवाई की और आरोपियों के कब्जे से 65 पत्तों में कुल 520 नग प्रतिबंधित PYEEVON SPAS PLUS कैप्सूल, जिनकी अनुमानित कीमत 4,824 रुपये है, जब्त किए। साथ ही नशीली दवाओं की बिक्री से प्राप्त 10,615 रुपये नकद भी बरामद कर जब्त कर लिए गए।

पूरी कार्रवाई के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

  • संजू उर्फ संजय गुप्ता, पिता गोविन्द गुप्ता, उम्र 45 वर्ष
  • सुरेखा उर्फ रेखा गुप्ता, पति संजू उर्फ संजय गुप्ता, उम्र 43 वर्ष
    दोनों निवासी वार्ड क्रमांक-1, कस्बा सेमरिया, थाना सेमरिया, जिला रीवा।

जब्त सामग्री

  • 65 पत्तों में 520 नग प्रतिबंधित PYEEVON SPAS PLUS टैबलेट (कैप्सूल)
  • अनुमानित कीमत – 4,824 रुपये
  • बिक्री से प्राप्त 10,615 रुपये नकद

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक ललन सिंह नेताम, उप निरीक्षक लंकेश वर्मा, महिला सहायक उप निरीक्षक ऊषा रावत, प्रधान आरक्षक प्रमोद अग्निहोत्री, आरक्षक प्रबल त्रिपाठी, पंचमलाल प्रजापति, राहुल कुमार, जितेन्द्र बागरी एवं विवेक सिंह की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post