| कानूनी पचड़े में फंसी कंगना रनौत की 'क्वीन 2': शूटिंग खत्म होते ही लगा 250 करोड़ का झटका, बॉम्बे हाई कोर्ट पहुंचा मामला |
मुंबई: बॉलीवुड की लेडी सुपरस्टार कंगना रनौत के फैंस के लिए एक चौंकाने वाली खबर आ रही है. हाल ही में एक्ट्रेस की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'क्वीन' के सीक्वल 'क्वीन 2' की घोषणा हुई थी, लेकिन अब यह फिल्म रिलीज से पहले ही एक बहुत बड़े कानूनी विवाद में फंस गई है. फिल्म की शूटिंग हाल ही में खत्म हुई थी कि इस पर 250 करोड़ रुपए का भारी-भरकम केस ठोक दिया गया है. यह मामला अब बॉम्बे हाई कोर्ट पहुंच चुका है, जहां दो बड़े प्रोडक्शन हाउस आमने-सामने आ गए हैं.
250 करोड़ का मुकदमा और आईपी राइट्स का विवाद दरअसल, फैंटम स्टूडियोज (Phantom Studios) ने जियोस्टार (JioStar) के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट में 250 करोड़ रुपए का मुकदमा दर्ज कराया है. फैंटम स्टूडियोज का आरोप है कि 'क्वीन 2' को उनकी मंजूरी के बिना बनाया जा रहा है, जो ऑरिजनल फिल्म के इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी (IP) राइट्स यानी कानूनी अधिकारों का खुला उल्लंघन है. गौरतलब है कि इस सीक्वल के लिए कंगना रनौत और डायरेक्टर विकास बहल सालों बाद एक बार फिर साथ आए हैं. फिल्म का काम अब पोस्ट-प्रोडक्शन स्टेज पर है, जिससे मेकर्स की मुश्किलें बढ़ सकती हैं.
बातचीत नाकाम होने के बाद कोर्ट का रुख एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, फैंटम स्टूडियोज ने यह कानूनी कदम तब उठाया जब जियोस्टार के साथ बातचीत के जरिए मामला सुलझाने की उनकी सभी कोशिशें नाकाम रहीं. स्टूडियो का कहना है कि उन्होंने कोर्ट जाने से पहले जियोस्टार और डायरेक्टर विकास बहल को कई बार इस बारे में चेतावनी दी थी और एक पब्लिक नोटिस भी जारी किया था. जियोस्टार की तरफ से कोई रिस्पॉन्स न मिलने और फिल्म की शूटिंग पूरी होने की खबर मिलते ही फैंटम स्टूडियोज ने तुरंत कानूनी रास्ता अपना लिया.
आखिर क्या है अधिकारों का पूरा गणित? साल 2014 में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म 'क्वीन' को वायकॉम18 मोशन पिक्चर्स (Viacom18 Motion Pictures) और फैंटम फिल्म्स (Phantom Films) ने मिलकर प्रोड्यूस किया था. फैंटम फिल्म्स को अनुराग कश्यप, विक्रमादित्य मोटवाने, मधु मंटेना और विकास बहल ने शुरू किया था. हालांकि, 2018 में यह कंपनी बंद हो गई थी, लेकिन 2021 में इसे 'फैंटम स्टूडियोज' के नाम से दोबारा शुरू किया गया.
अब फैंटम स्टूडियोज का दावा है कि ऑरिजनल फिल्म के 50% राइट्स आज भी उनके पास हैं, जिसमें फिल्म का सीक्वल बनाने का अधिकार भी शामिल है. उन्होंने इसी साल अप्रैल में भी एक पब्लिक नोटिस जारी कर साफ किया था कि उन्होंने 'क्वीन' के किसी भी नए पार्ट या सीक्वल को बनाने की मंजूरी नहीं दी है. अब देखना होगा कि इस बड़े कानूनी विवाद के बीच 'क्वीन 2' के भविष्य का क्या फैसला होता है.