| भारत के श्रीलंका दौरे का शेड्यूल जारी: 15 अगस्त से शुरू होगा टेस्ट सीरीज का रोमांच, दांव पर WTC फाइनल |
नई दिल्ली: - शेड्यूल के अनुसार, भारतीय क्रिकेट टीम अपने नए टेस्ट सीजन का आगाज अगले महीने श्रीलंका दौरे से करने जा रही है। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने एक प्रेस रिलीज जारी कर भारत के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के आधिकारिक शेड्यूल का ऐलान कर दिया है। यह सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 के लिहाज से दोनों ही टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होने वाली है।
जानिए कब और कहाँ होंगे मुकाबले
शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टेस्ट टीम श्रीलंका की धरती पर दो टेस्ट मैच खेलेगी। सीरीज का पहला मुकाबला स्वतंत्रता दिवस के खास मौके पर यानी 15 अगस्त से शुरू होगा। इसके बाद सीरीज का दूसरा और अंतिम टेस्ट मैच 23 अगस्त से खेला जाएगा। हाल ही में घरेलू मैदान पर अफगानिस्तान को एकतरफा हराने के बाद टीम इंडिया के हौसले बुलंद हैं, लेकिन श्रीलंका को उसके घर में हराना एक बड़ी चुनौती होगी।
WTC फाइनल के लिए हर मैच जीतना जरूरी
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंकतालिका में भारतीय टीम फिलहाल 9 मैचों में 4 जीत के साथ पांचवें स्थान पर खिसक गई है। फाइनल में पहुंचने के लिए भारत के पास अब सिर्फ 9 टेस्ट मैच ही बचे हैं। इनमें 2 मैच श्रीलंका से, 2 मैच न्यूजीलैंड दौरे पर और आखिरी 5 टेस्ट मैच घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने हैं। फाइनल का टिकट पक्का करने के लिए भारत को इन 9 मैचों में से कम से कम 6 या 7 मैच जीतने होंगे और हार से बचना होगा।
श्रीलंका के पास 18 साल का सूखा खत्म करने का मौका
ऐतिहासिक आंकड़ों पर नजर डालें तो श्रीलंका की टीम पिछले 18 सालों से भारत के खिलाफ कोई भी टेस्ट सीरीज नहीं जीत सकी है। आखिरी बार श्रीलंका ने साल 2008 में अपने घर पर भारत को मात दी थी। दोनों देशों के बीच श्रीलंका में अब तक कुल 8 टेस्ट सीरीज खेली गई हैं, जिसमें से भारत ने 3 और श्रीलंका ने 3 जीती हैं, जबकि 2 सीरीज ड्रॉ रही हैं। ऐसे में श्रीलंका इस बार अपने 18 साल के सूखे को खत्म करने के इरादे से मैदान पर उतरेगा।