![]() |
| रायगढ़; परीक्षा की तैयारी को लेकर कलेक्टर ने ली नोडल अधिकारियों की समीक्षा बैठक |
रायगढ़ - राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ( NTA ) द्वारा 21 जून को आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 की पुनः परीक्षा की सुचारू संचालन को लेकर कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में नोडल अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
कलेक्टर ने परीक्षा से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करने एवं परीक्षा को लेकर मिले निदेशों को कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने परीक्षा प्रबंधन, सुरक्षा, परिवहन, विद्युत व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य आवश्यक विषयों पर विस्तार से चर्चा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि जिले के 8 परीक्षा केंद्रों में आयोजित होने वाली इस परीक्षा में 2682 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक एक ही पाली में आयोजित की जाएगी। इसके अलावा पीडब्लूडी परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजकर 20 मिनट तक समय निर्धारित है।
बैठक में परीक्षा के दौरान समय पालन को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी परीक्षार्थियों को दोपहर 1.30 बजे तक परीक्षा केंद्र में पहुंचना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय के बाद परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे। परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष परिवहन व्यवस्था करने का निर्णय लिया है। ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड, केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड और रायगढ़ रेलवे स्टेशन से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए विशेष बस सुविधा उपलब्ध रहेगी। अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों के लिए शुद्ध पेयजल, कूलर, पंखे, प्रकाश एवं बैठने की समुचित व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी सुविधाएं पहले से सुनिश्चित कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि गर्मी को देखते हुए परीक्षार्थियों की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के दिन परिवहन व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रहे, ताकि दूर-दराज से आने वाले विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दिन यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था और अभ्यर्थियों के मार्गदर्शन के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए जाएं, जिससे परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। कलेक्टर ने सभी परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के भीतर और बाहर किसी भी संदिग्ध गतिविधि, व्यक्ति या अनधिकृत प्रवेश पर विशेष नजर रखी जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि परीक्षा से एक दिन पहले 20 जून को दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस मॉक ड्रिल में परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी नोडल अधिकारी, केंद्र प्रभारी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। इसके माध्यम से परीक्षा संचालन की संपूर्ण प्रक्रिया का परीक्षण किया जाएगा और संभावित चुनौतियों का पूर्व आकलन कर उनका समाधान किया जाएगा। बैठक में एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी, डिप्टी कलेक्टर श्री धनराज मरकाम, नीट नोडल अधिकारी श्री पवन अग्रवाल, सभी केंद्रों के केंद्राध्यक्ष, एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
आजतक 24 के प्रशासन से सवाल
1. रायगढ़ में NEET (UG) 2026 की पुनः परीक्षा आयोजित की जा रही है। क्या जिला प्रशासन बता सकता है कि पहले आयोजित परीक्षा में ऐसी कौन-सी गंभीर अनियमितता या प्रशासनिक चूक हुई थी, जिसके कारण विद्यार्थियों को दोबारा परीक्षा देनी पड़ रही है, और उस मामले में अब तक क्या कार्रवाई हुई है?
2. प्रशासन ने दोपहर 1:30 बजे के बाद प्रवेश नहीं देने की बात कही है। यदि किसी अभ्यर्थी को प्रशासन द्वारा घोषित विशेष बस सेवा की देरी, ट्रैफिक जाम या अन्य सरकारी व्यवस्था की कमी के कारण देर हो जाती है, तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या ऐसे मामलों के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था बनाई गई है?
3. सीसीटीवी निगरानी और मॉक ड्रिल की बात की जा रही है, लेकिन पिछले वर्षों में कई राष्ट्रीय परीक्षाओं में पेपर लीक और सॉल्वर गैंग जैसे मामले सामने आए हैं। रायगढ़ में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सामान्य सुरक्षा व्यवस्था से अलग कौन-से विशेष और ठोस कदम उठाए गए हैं, और क्या साइबर मॉनिटरिंग की भी व्यवस्था की गई है?
