बीच सड़क 20 फीट का गड्ढा खोदकर गायब हुए सीवर कर्मी, 40 घरों का रास्ता बंद

बीच सड़क 20 फीट का गड्ढा खोदकर गायब हुए सीवर कर्मी, 40 घरों का रास्ता बंद 

शहडोल - शहर में सीवर लाइन के कार्यों की लापरवाही लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। रीवा रोड स्थित मदन एजेंसी के बगल से पुलिस लाइन को जोड़ने वाले मार्ग पर सीवर लाइन के कर्मचारियों ने बीच सड़क करीब 20 फीट से अधिक का गड्ढा खोद दिया और उसके बाद कार्य अधूरा छोड़कर चले गए। इससे स्थानीय रहवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों और बुजुर्गों की परेशानी बढ़ गई है।

स्थानीय निवासी प्रकाश सोनी (एडवोकेट) ने बताया कि वार्ड क्रमांक 11/15 में दो दिन पहले जेसीबी मशीन से सड़क खोदी गई थी, लेकिन इसके बाद कर्मचारी मौके पर नहीं लौटे। सड़क के बीच बने बड़े गड्ढे के कारण करीब 40 से अधिक घरों के लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया है। लोगों को मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए अब लगभग एक किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।जो पहले महज कुछ कदम में पूरी हो जाती थी।,वहीं मंजूर अली ने बताया कि उनकी दुकान सड़क के एक ओर है और घर दूसरी ओर, लेकिन गड्ढा खोदे जाने के बाद पैदल आने-जाने का भी रास्ता नहीं छोड़ा गया है। पहले जहां कुछ कदम चलकर घर पहुंच जाते थे, वहीं अब उन्हें लंबा चक्कर लगाकर आना-जाना पड़ रहा है।,स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए मांग की है कि सीवर कंपनी के जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचकर तत्काल पैदल आवाजाही की व्यवस्था करें तथा यह स्पष्ट करें कि मार्ग कब तक बंद रहेगा और मरम्मत कार्य कब पूरा किया जाएगा। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post