रीवा: दुर्लभ बीमारी से जूझ रहे एक ही परिवार के चार मासूम बच्चे, बेबस माता-पिता ने शासन-प्रशासन से लगाई मदद की गुहार
रीवा/जवा - जनपद अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत देवखर से एक बेहद हृदयविदारक मामला सामने आया है, जहां एक ही गरीब परिवार के चार मासूम बच्चे जन्म से ही एक अज्ञात और अत्यंत गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। बच्चों की इस दर्दनाक हालत को देखकर पूरा परिवार गहरे मानसिक तनाव और बेबसी के साए में जीवन यापन करने को मजबूर है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी पिता घनश्याम कोरी एवं माता माया देवी कोरी के चार बच्चे — प्रियांशु देवी (12 वर्ष), रिया कोरी (8 वर्ष), अनामिका कोरी (5 वर्ष) एवं राजीव कोरी (4 वर्ष) बचपन से ही इस गंभीर शारीरिक समस्या से ग्रसित हैं। परिजनों ने रुआंसे होकर बताया कि बच्चों को धूप में निकलते ही पूरे शरीर में असहनीय तेज जलन एवं खुजली होने लगती है। स्थिति इतनी भयावह हो जाती है कि धूप के संपर्क में आते ही बच्चों की आंखों की रोशनी भी लगभग खत्म होने की कगार पर पहुंच जाती है, जिससे वे पूरी तरह लाचार हो जाते हैं।
आर्थिक तंगी बनी इलाज में सबसे बड़ा रोड़ा
परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर और दयनीय है। पिता मजदूरी कर किसी तरह परिवार का पेट पालते हैं, जिसके कारण वे बड़े अस्पतालों में बच्चों का समुचित इलाज कराने में पूरी तरह असमर्थ हैं। अपनी आंखों के सामने हर दिन चारों बच्चों को तड़पता देख लाचार माता-पिता केवल आंसू बहाने को मजबूर हैं।
विशेषज्ञ डॉक्टरों से इलाज की मांग
थक-हारकर अब पीड़ित परिवार ने शासन-प्रशासन और मुख्यमंत्री राहत कोष से बच्चों के इलाज हेतु तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। उन्होंने मांग की है कि रीवा मेडिकल कॉलेज या किसी बड़े संस्थान के विशेषज्ञ डॉक्टरों से बच्चों का उचित उपचार कराया जाए, ताकि मासूमों की जिंदगी बच सके। क्षेत्र के ग्रामीणों और समाजसेवियों ने भी जिला प्रशासन से इस संवेदनशील मामले पर त्वरित संज्ञान लेते हुए पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता पहुंचाने की अपील की है।