| शहडोल; बरगी क्रूज़ हादसे पर शहडोल में बवाल: युवा कांग्रेस ने फूंका पर्यटन मंत्री का पुतला Aajtak24 News |
शहडोल - 30 अप्रैल 2026 को बरगी बांध में हुए हृदयविदारक क्रूज़ हादसे की गूंज अब सड़कों पर सुनाई देने लगी है। कई निर्दोष जिंदगियां लील जाने वाले इस हादसे को लेकर प्रदेश भर में आक्रोश है। इसी कड़ी में, युवा कांग्रेस शहडोल ने प्रदेश सरकार और पर्यटन मंत्री के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और पर्यटन मंत्री का पुतला दहन किया।
सड़कों पर उतरा गुस्सा, जमकर हुई नारेबाजी
हादसे में हुई मौतों को "सरकारी लापरवाही" करार देते हुए युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। जिलाध्यक्ष अनुपम गौतम के मार्गदर्शन और प्रदेश सचिव अभिषेक शुक्ला की गरिमामयी मौजूदगी में आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व जयसिंहनगर विधानसभा अध्यक्ष शेख साजिल ने किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और पर्यटन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
हादसा नहीं, "प्रशासनिक हत्या" का आरोप
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस नेताओं ने तीखे शब्दों में सरकार को घेरा। नेताओं का कहना है कि क्रूज़ संचालन में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई, जिसका खामियाजा निर्दोष नागरिकों को अपनी जान देकर भुगतना पड़ा। उन्होंने इस घटना को महज एक दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए इसे "प्रशासनिक चूक और लापरवाही का नतीजा" बताया। कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि केवल छोटी मछलियों पर गाज गिराने के बजाय, विभाग के उच्च अधिकारियों और जिम्मेदार मंत्रियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
मृतकों के लिए न्याय की मांग
युवा कांग्रेस ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक मृतकों के परिजनों को उचित न्याय नहीं मिलता और दोषियों को जेल की सलाखों के पीछे नहीं भेजा जाता, उनका आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि आखिर पर्यटन विभाग सुरक्षा ऑडिट में विफल क्यों रहा और क्या सरकार इस बड़ी लापरवाही की नैतिक जिम्मेदारी लेगी?
भारी संख्या में जुटे कार्यकर्ता
इस उग्र प्रदर्शन में सोनू चौबे, एजाज, समीर, दानिश, सत्यम कुशवाहा, सत्यम प्रजापति सहित भारी संख्या में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए भारी पुलिस बल भी तैनात रहा। अब देखना यह है कि जनता के इस बढ़ते आक्रोश के बाद क्या सरकार पर्यटन सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम उठाती है या फिर विपक्ष का यह उबाल और अधिक तीव्र होगा।