| निवाड़ी; कलेक्टर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की Aajtak24 News |
निवाड़ी - बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती भिड़े ने पटवारियों के कामकाज की विस्तृत समीक्षा की और मैदानी स्तर पर लंबित कार्यों को शीघ्र निराकरण करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने उन पटवारियों के कार्यों की सराहना की जिन्होंने अपने लक्ष्यों को समय पर पूरा किया है और बेहतर प्रदर्शन किया है। वहीं, सबसे कम प्रगति दिखाने वाले (बॉटम) पटवारियों को फटकार लगाते हुए उन्होंने 7 दिवस का अल्टीमेटम दिया है।उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा में सुधार न होने पर संबंधितों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पटवारी सप्ताह में कम से कम दो दिन अपने निर्धारित हल्के में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और जनता से सीधा संवाद स्थापित करें। पीएम किसान ई-केवाईसी पीएम किसान योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी (e-KYC) और एनपीसीआई मैपिंग के लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। राजस्व अभियान और नामांतरण के आवेदनों की संख्या और उनके निराकरण की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही 'राजस्व अभियान' के तहत किए गए कार्यों की प्रगति रिपोर्ट मांगी गई। नक्शा तरमीम और अभिलेख शुद्धिकरण नक्शा तरमीम की अनलिंक्ड रिपोर्ट और बी-1 वाचन की स्थिति पर चर्चा करते हुए उन्होंने अभिलेखों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसान रजिस्ट्री के कार्य में तेजी लाने और पटवारी वार इसकी नियमित समीक्षा करने पर जोर दिया।
सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई की शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश
जनसुनवाई और सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने त्वरित और संतुष्टिपूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण हेतु अधिकारी शिकायतकर्ता से संवाद करें। निष्पक्ष जांच कर निराकरण सुनिश्चित करें। अधिकारी पंचायतों का भ्रमण सुनिश्चित कर योजनाओं के क्रियान्वयन एवं कार्यों का निरीक्षण करें। जल संवर्धन और राजस्व विभाग की अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्रीमती भिड़े ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, शासन-प्रशासन की प्राथमिकता है, अतः सभी अधिकारी गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने निर्देशित किया कि शनिवार और रविवार को भी आवश्यकतानुसार किसान रजिस्ट्री और अन्य आवश्यक राजस्व कार्यों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाए ताकि लंबित कार्यों का जल्द निपटारा हो सके। उन्होंने उपार्जन केन्द्रों पर खरीदी की सतत् निगरानी के निर्देश दिए। जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत जिले में प्रगतिरत एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम निवाड़ी श्री अशोक कुमार सेन, डिप्टी कलेक्टर सुश्री विनीता जैन, एसएलआर श्रीमति लीना जैन एवं समस्त तहसीलदार, नायब तहसीलदार, आरआई, पटवारी उपस्थित रहे |