सीहोर में सीवन नदी के संरक्षण का अनूठा जज्बा: दो नन्हे बालकों ने पानी में उतरकर जीतीं खुशियां Aajtak24 News

सीहोर में सीवन नदी के संरक्षण का अनूठा जज्बा: दो नन्हे बालकों ने पानी में उतरकर जीतीं खुशियां Aajtak24 News

सीहोर - रविवार का दिन सीहोर के इतिहास में एक बार फिर स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया। कस्बे के छतरी घाट पर आयोजित विशेष श्रमदान अभियान के तहत सीवन योद्धाओं ने नदी से भारी मात्रा में जलकुंभी को हटाकर एक सुंदर जलाशय तैयार कर दिया, ताकि पशु-पक्षी और जीव-जंतु आसानी से पानी पी सकें। इस अभियान में सीवन पुत्र, पूर्व आर्मी जवान और नन्हे बच्चों की टीम ने अपनी निष्ठा से सबका दिल जीत लिया।

नन्हे बच्चों और पूर्व फौजी का अनोखा जज्बा

श्रमदान के दौरान दो नन्हे बालकों, अनमोल और हर्षित कुशवाहा ने नदी के प्रति अपने अगाध प्रेम को दर्शाया। दोनों बच्चे सीवन की गोद में पानी के भीतर उतरे और जलकुंभी साफ कर बड़ों को संदेश दिया कि जब बच्चे नदी के प्रति इतने गंभीर हैं, तो बड़े क्यों नहीं? उनके इस जज्बे को देख सीवन टीम ने दोनों बच्चों को 'सीवन मेडल' पहनाकर सम्मानित किया। वहीं, देश सेवा के बाद अब समाज सेवा में जुटे पूर्व आर्मी जवान निकेश सिंह मेवाड़ा ने भी श्रमदान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिन्हें टीम द्वारा मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

दिनभर चला अभियान, चमका महिला घाट

सुबह 8:00 बजे से 10:00 बजे तक छतरी घाट पर श्रमदान के बाद सीवन योद्धा छावनी स्थित सीवन महिला घाट पर पहुंचे। योद्धाओं ने पानी में उतरकर वहां जमा गंदगी, पॉलिथीन, बोरियां और पूजन सामग्री को बाहर निकाला। दिनभर चली कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार महिला घाट को पूरी तरह चमका दिया गया। शाम 5:00 बजे शनि मंदिर के संस्थापक और मुख्य पुजारी द्वारा सभी सीवन योद्धाओं का भव्य सम्मान किया गया। इस दौरान सीवन पुत्र वैभव राठौर, कनीराम और प्रदीप चावड़ा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

श्रमदान में ये रहे मुस्तैद: इस पुनीत कार्य में मुख्य रूप से महाकाल समिति के सदस्य राजेश यादव, राजेंद्र कुशवाहा, गौरव यादव, अथर्व चावड़ा, राजकुमार सोनी, कनीराम मालवीय, मुकेश राय, प्रकाश यादव, कैलाश चव्हाण, जगदीश वर्मा, लोकेश सोनी, सुधीर सोनी, सुनील भावसार, अंशुल भावसार, आशीष भावसार, टोनी खत्री, रघुवीर सोनी, कैलाश चावड़ा, मनोहर राय और निम्मा कौशल सहित कई पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post