सक्ती; खेत के नाम पर खेल? घर से मिली 60 बोरी यूरिया, कृषि विभाग की छापेमार कार्रवाई Aajtak24 News

सक्ती; खेत के नाम पर खेल? घर से मिली 60 बोरी यूरिया, कृषि विभाग की छापेमार कार्रवाई Aajtak24 News

सक्ती - खरीफ सीजन से पहले उर्वरकों की उपलब्धता और कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में सक्ती जिले के डभरा विकासखंड में कृषि विभाग ने गोपनीय सूचना के आधार पर छापेमार कार्रवाई करते हुए 60 बोरी (2.700 मीट्रिक टन) नीमलेपित यूरिया जब्त किया है। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो और उप संचालक कृषि श्री तरुण कुमार प्रधान के निर्देशन में चलाए जा रहे निगरानी अभियान के दौरान ग्राम बिरहाभांठा में एक घर पर जांच की गई। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में यूरिया का भंडारण मिला। संबंधित व्यक्ति से उर्वरक खरीद के बिल और जमीन संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन मौके पर दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई कि उर्वरक को अधिक दरों पर बेचने के उद्देश्य से संग्रहित किया गया हो सकता है। इसके बाद उर्वरक नियंत्रण आदेश के तहत कार्रवाई करते हुए पूरा स्टॉक जब्त कर लिया गया और संबंधित व्यक्ति को स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया गया। जब्त सामग्री को ग्राम कोटवार की सुपुर्दगी में सुरक्षित रखा गया है। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध लाइसेंस उर्वरक का भंडारण, परिवहन या विक्रय करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। किसानों से भी अपील की गई है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से उर्वरक खरीदें और बिल लेना न भूलें।

आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल

1. यदि 60 बोरी उर्वरक बिना वैध दस्तावेज के संग्रहित था, तो यह स्टॉक सप्लाई चेन से निकलकर वहां तक पहुंचा कैसे?

2. जिले में अब तक उर्वरक कालाबाजारी रोकने के लिए कितने निरीक्षण हुए और उनमें कितने मामलों में अंतिम कार्रवाई हुई?

3. क्या प्रशासन अधिकृत विक्रेताओं के स्टॉक और बिक्री रिकॉर्ड का भी स्वतंत्र ऑडिट करेगा, ताकि जमाखोरी की जड़ तक पहुंचा जा सके?

Post a Comment

Previous Post Next Post