| सक्ती; 174 शिकायतें, 29 समाधान: क्या शिविरों से बदलेगी व्यवस्था या सिर्फ भरोसे का वादा? Aajtak24 News |
सक्ती - आम नागरिकों की समस्याओं को प्रशासन तक सीधे पहुंचाने और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद सक्ती में सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जनसमस्या समाधान शिविर आयोजित किया गया। सामुदायिक भवन में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया और अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।
शिविर के दौरान कुल 174 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 29 मामलों का मौके पर निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर भेजा गया। प्रशासन ने शेष मामलों के शीघ्र समाधान का भरोसा दिया।
कार्यक्रम में सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, नगर पालिका अध्यक्ष श्री श्यामसुंदर अग्रवाल और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली। शिविर के दौरान पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र, राशन कार्ड, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य योजनाओं का लाभ दिया गया। स्वास्थ्य और आयुष विभाग ने लोगों की जांच कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया।
सांसद ने अपने संबोधन में कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और विभागों को केवल जानकारी देने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पात्र लोगों तक वास्तविक लाभ सुनिश्चित करना चाहिए। वहीं कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने विभागों को प्राप्त आवेदनों के त्वरित और संवेदनशील निराकरण के निर्देश दिए।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल
1. 174 में से केवल 29 आवेदनों का मौके पर निराकरण हुआ— क्या शेष आवेदनों के लिए सार्वजनिक समय-सीमा तय की जाएगी?
2. शिविरों में योजनाओं का लाभ देने के बाद क्या लाभार्थियों की वास्तविक स्थिति और उपयोगिता का फॉलोअप भी किया जाता है?
3. बार-बार समाधान शिविर लगाने की जरूरत क्यों पड़ रही है— क्या नियमित विभागीय व्यवस्था अपेक्षित स्तर पर काम नहीं कर रही?