| सीहोर में जनगणना कार्य ने पकड़ी रफ्तार: 2405 में से 2299 ब्लॉक्स का काम पूरा Aajtak24 News |
सीहोर - जिले में आगामी राष्ट्रीय जनगणना को लेकर प्रशासनिक तैयारियां और हाउस लिस्टिंग का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। संयुक्त कलेक्टर एवं जनगणना प्रभारी अधिकारी श्री जमील खान से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में जनगणना कार्य लगातार प्रगति पथ पर है। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक सीहोर जिले में कुल 2,405 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक्स (HLBs) का गठन कर कार्य निर्धारित किया गया था, जिसमें से 2,299 ब्लॉक्स का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। शेष 106 ब्लॉक्स में कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है, जबकि जिले में वर्तमान में कोई भी कार्य लंबित (Pending) श्रेणी में नहीं है।
यह रिपोर्ट 16 मई 2026 की शाम 6 बजे तक की स्थिति को दर्शाती है, जिसके तहत अब तक जिले में कुल 4 लाख 34 हजार 105 जनगणना मकानों का डिजिटल आंकड़ा दर्ज किया जा चुका है।
तहसीलवार स्थिति: सीहोर ग्रामीण ने मारी बाजी, आष्टा में सर्वाधिक ब्लॉक्स
जनगणना प्रभारी ने बताया कि जिले में सबसे ज्यादा 347 HLBs आष्टा तहसील में दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 334 का कार्य पूर्ण व 13 में काम प्रगति पर है। वहीं, बेहतरीन समन्वय दिखाते हुए सीहोर ग्रामीण तहसील ने अपने सभी 316 HLBs का कार्य 100% पूर्ण कर लिया है। इसके अलावा, श्यामपुर तहसील में कुल 159 ब्लॉक्स में से 154 का कार्य पूरा हो चुका है और महज 5 ब्लॉक्स में काम जारी है।
नगरीय निकायों में भी कार्य तेज
ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ जिले के नगरीय निकायों में भी प्रगणक (Enumerators) मुस्तैदी से डटे हुए हैं:
सीहोर मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) क्षेत्र: कुल 157 ब्लॉक्स में से 123 का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जबकि 34 ब्लॉक्स में अंतिम चरण का काम चल रहा है।
भैरूंदा नगर परिषद क्षेत्र: यहाँ कुल 43 ब्लॉक्स निर्धारित थे, जिनमें से 30 का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है।
उच्च अधिकारियों की निरंतर मॉनिटरिंग के चलते प्रगणक और सुपरवाइजर बचे हुए ब्लॉक्स को भी समय सीमा में पूरा करने के लिए जुटे हुए हैं, ताकि जिले का अंतिम डेटा जल्द से जल्द वरिष्ठ स्तर पर भेजा जा सके।