![]() |
| कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश पर गैस गोदामों व वितरण केंद्रों का औचक निरीक्षण Aajtak24 News |
रीवा - घरेलू गैस उपभोक्ताओं को बिना किसी व्यवधान के नियमित रूप से एलपीजी उपलब्ध कराने तथा कालाबाजारी और अव्यवस्था पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश पर जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में गैस गोदामों, गैस एजेंसियों के कार्यालयों तथा वितरण स्थलों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गैस स्टॉक, वितरण व्यवस्था, उपभोक्ताओं को दी जा रही सुविधाओं तथा सुरक्षा मानकों का जायजा लिया। साथ ही यह भी देखा गया कि कहीं गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या कृत्रिम कमी पैदा कर उपभोक्ताओं को परेशान तो नहीं किया जा रहा है। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने निर्देशित किया है कि जिले के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को समय पर एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए वितरण व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित बनाने के उपाय किए गए हैं। नए निर्देशों के अनुसार उपभोक्ताओं की पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद ही रिफिल बुकिंग स्वीकार की जाएगी, जिससे अनावश्यक बुकिंग और सिलेंडरों की जमाखोरी पर नियंत्रण रखा जा सके। अधिकारियों को इस व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्तर पर गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कहीं भी अनियमितता या अवैध बिक्री की शिकायत मिलती है तो संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए हैं कि गैस वितरण के दौरान किसी भी स्थान पर भीड़ या अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए आवश्यक प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कलेक्टर ने तहसीलदारों, नायब तहसीलदारों, सहायक एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों तथा संबंधित पुलिस थाना प्रभारियों को भी अपने-अपने क्षेत्र में स्थित गैस गोदामों और वितरण स्थलों की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर के निर्देश के बाद प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा विभिन्न गैस एजेंसियों के गोदामों, कार्यालयों और वितरण केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई तथा संचालकों को शासन के निर्देशों का सख्ती से पालन करने के लिए कहा गया। प्रशासन का कहना है कि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और एलपीजी वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारू बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी जारी रहेगी।
