आरटीओ की 'सुरक्षा स्कॉट' लगी गाड़ी से अवैध वसूली का खेल, वाहन चालकों ने लगाए गंभीर आरोप Aajtak24 News

आरटीओ की 'सुरक्षा स्कॉट' लगी गाड़ी से अवैध वसूली का खेल, वाहन चालकों ने लगाए गंभीर आरोप Aajtak24 News

रीवा - जिले में परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। रीवा आरटीओ मनीष त्रिपाठी पर गंभीर आरोप लगाते हुए वाहन चालकों और मालिकों ने बताया कि 'सुरक्षा स्कॉट' का बोर्ड लगी वाहनों के जरिए जिले के विभिन्न राजमार्गों पर खुलेआम अवैध वसूली की जा रही है। आरोप है कि यह खेल रोजाना लाखों रुपये के टर्नओवर के साथ चल रहा है।

सालों से एक ही पद पर कब्जा, कार्रवाई का डर

स्थानीय लोगों का कहना है कि आरटीओ मनीष त्रिपाठी कई वर्षों से रीवा में अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ के कारण जमे हुए हैं। कई शिकायतों के बावजूद उन पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। वाहन चालकों का आरोप है कि बिना किसी वैध रसीद के उनसे पैसे वसूले जाते हैं। जो चालक राशि देने से इनकार करते हैं, उन्हें भारी-भरकम चालान और पुलिसिया कार्रवाई का भय दिखाकर डराया जाता है।

मानसिक प्रताड़ना और वसूली का नेटवर्क

बताया जा रहा है कि यह अवैध उगाही किसी एक स्थान तक सीमित नहीं है, बल्कि 'आरटीओ' लिखे वाहनों के जरिए जिले के अलग-अलग रास्तों पर रोजाना जाल बिछाया जाता है। वाहन मालिकों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस निरंतर दबाव और वसूली से मानसिक रूप से परेशान हो चुके हैं।

कलेक्टर और पुलिस प्रशासन से गुहार

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित वाहन मालिकों ने जिला कलेक्टर और पुलिस प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने मांग की है कि इस अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए और दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए।

Post a Comment

Previous Post Next Post