दिल्ली के कालकाजी मंदिर में सेवादार की पीट-पीटकर हत्या, 'चुन्नी प्रसाद' को लेकर हुआ था विवाद Aajtak24 News

दिल्ली के कालकाजी मंदिर में सेवादार की पीट-पीटकर हत्या, 'चुन्नी प्रसाद' को लेकर हुआ था विवाद Aajtak24 News
नई दिल्ली - दिल्ली के प्रसिद्ध कालकाजी मंदिर में एक सेवादार की पीट-पीटकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह घटना शुक्रवार रात को हुई, जब कुछ युवकों ने प्रसाद मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद 35 वर्षीय सेवादार योगेंद्र सिंह पर बेरहमी से हमला कर दिया। इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावर बेसुध पड़े योगेंद्र को डंडों से पीटते दिख रहे हैं।  पुलिस को शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे झगड़े की सूचना मिली थी। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो पता चला कि दर्शन के बाद कुछ युवकों ने योगेंद्र से 'चुन्नी प्रसाद' (चुनरी और प्रसाद) मांगा। जब योगेंद्र ने उनसे कुछ मिनट इंतजार करने को कहा, तो युवकों ने बहस शुरू कर दी और देखते ही देखते यह विवाद हिंसक हो गया। सेवादार राजू के मुताबिक, रात करीब 9 बजे 10-15 युवक हाथ में सरिया और लाठी-डंडे लेकर आए और योगेंद्र को धर्मशाला से उठाकर ले गए। उन्होंने योगेंद्र को बुरी तरह पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के बाद योगेंद्र को तुरंत एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

इस घटना के दौरान मंदिर परिसर में मौजूद लोगों ने 30 वर्षीय अतुल पांडे नामक एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शनिवार सुबह भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) और 3(5) (संयुक्त दायित्व) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस बाकी फरार आरोपियों की तलाश कर रही है, जिनकी पहचान अभी नहीं हुई है। मृतक योगेंद्र सिंह पिछले 14-15 सालों से मंदिर में सेवादार थे और उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के रहने वाले थे। उनकी पत्नी और बच्चे हरदोई में ही रहते हैं। इस घटना ने धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post