इंदौर - बिजली के बढ़ते बिलों और घोषित कटौती के विरोध में संगम नगर झोन पर उपभोक्ताओं ने हंगामा कर दिया। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एक और जहां बिजली कटौती की जा रही है वहीं दूसरी ओर पुरानी राशि भी बिलों में जोड़कर भेजी जा रही है। स्थिति यह रही कि लोगों की भीड़ देख बिजली कंपनी के झोनल कार्यालय के कर्मचारी ऑफिशियल टाइम में ताला लगाकर गायब हो गए। मामला बिगड़ता देख झोन के एई में उपभोक्ताओं को समझने की कोशिश की।
जानकारी अनुसार कई उपभोक्ताओं ने बताया कि उनके बिल में भारी-भरकम राशि जोड़कर भेजी जा रही है, जबकि वे नियमित रूप से बिल का भुगतान कर रहे हैं। उपभोक्ताओं की शिकायत थी कि नए स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद से ही यह समस्या बढ़ गई है। बिल की राशि इतनी ज्यादा आ रही है कि उनका बजट बिगड़ गया है। इसी को लेकर बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायत दर्ज कराने मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी (बिजली कंपनी) के झोनल कार्यालय पहुंचे थे। जब उपभोक्ताओं का आक्रोश बढ़ने लगा और कर्मचारियों ने कार्यालय बंद कर दिया, तो सूचना मिलते ही बिजली कंपनी के सहायक यंत्री (ए.ई.) अनिल पाण्डेय मौके पर पहुंचे। उन्होंने उपभोक्ताओं को शांत कराया और उनकी शिकायतें सुनीं। एई ने भरोसा दिलाया कि सभी शिकायतों की जांच की जाएगी और अगर किसी के बिल में कोई गड़बड़ी पाई जाती है, तो उसे सुधारा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिन उपभोक्ताओं के बिल भरे हुए हैं और फिर भी बिजली काटी गई है, उस मामले की भी जांच की जाएगी। इसके बाद ही स्थिति सामान्य हो पाई। मामला सोमवार का बताया जा रहा है। यह घटना शहर में नए बिजली मीटरों को लेकर चल रही शिकायतों की एक और कड़ी है। कई क्षेत्रों से ऐसी खबरें आ रही हैं, जहां उपभोक्ता बढ़े हुए बिलों से परेशान हैं।
