80 केंद्रों में बोर्ड का पर्चा हल करेंगे 37 हजार से ज्यादा छात्र | 80 kendro main board ka parcha hal karenge 37 hazar se jyada chhatr

80 केंद्रों में बोर्ड का पर्चा हल करेंगे 37 हजार से ज्यादा छात्र


सिवनी (संतोष जैन) - 10वीं, 12वीं के छात्रों व शिक्षा विभाग ने एमपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली हैं। 2 मार्च को हिंदी विशिष्ट विषय के पहले पर्चे के साथ बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी। सभी प्रश्नपत्र केंद्रों में सुबह 9 से दोपहर 12 बजे के बीच होंगे। 37 हजार से ज्यादा छात्रों के लिए जिले में 80 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 8 अतिसंवेदनशील व 2 संवेदनशील परीक्षा केंद्र भी शामिल हैं।

फ्लाइंग स्कवायड की रहेगी कड़ी नजर 
  
जिले के सभी उत्कृष्ट स्कूलों पर प्रशासन व शिक्षा विभाग के अधिकारियों की कड़ी नजर है। साथ ही फ्लाइंग स्कवायड की टीमें सतत निरीक्षण के लिए जिला स्तर पर कलेक्टर प्रवीण सिंह के निर्देशन में उडऩदस्ता दल गठित किया गया है। साथ ही ब्लॉक स्तरीय आठ टीमें भी तैयार की गई हैं। इसके अलावा प्रत्येक विकासखंड में कलेक्टर प्रवीण सिंह ने तहसीलदार व नायब तहसीलदार का दो सदस्यीय उडऩदस्ता दल गठित किया है जो परीक्षा केंद्रों की सतत निगरानी करेगा। संवेदनशील केंद्रों की निगरानी के लिए पर्यवेक्षक भी नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा 17 पुलिस थानों में जमा गोपनीय सामग्री के लिए 38 कलेक्टर प्रतिनिधि नियुक्त किए गए हैं। इनकी उपस्थिति में केंद्राध्यक्षों द्वारा गोपनीय सामग्री निकाली जाएगी।

केंद्रों की व्यवस्थाएं पूरी 

जिले के आठ विकासखंड में 80 परीक्षा केंद्र तैयार किए गए हैं। इनमें बारहवीं के 15152, दसवीं के 22069 नियमित व स्वाध्यायी छात्र परीक्षा देंगे। व्यवसायिक पाठ्यक्रम पढऩे वाले बारहवीं कक्षा के 277 नियमित व स्वाध्यायी परीक्षा में शामिल होंगे। केंद्रों में छात्रों के लिए आवश्यक फर्नीचर, प्रकाश, पीने का पानी व अन्य व्यवस्थाएं कर दी गई हैं।

सिवनी ब्लॉक में परीक्षार्थियों की संख्या ज्यादा 

कक्षा 10वीं में नियमित छात्र 20317, स्वाध्यायी 1752 सम्मिलित होंगे। धनौरा में 1434 नियमित व स्वाध्यायी 99, बरघाट में 2496 नियमित व 389 स्वाध्यायी, घंसौर में 3066 नियमित व स्वाध्यायी 105, कुरई में 1724 नियमित व स्वाध्यायी 49, केवलारी में 2255 नियमित व स्वाध्यायी 214, सिवनी में 4452 नियमित व स्वाध्यायी 597, छपारा में 1531 नियमित व स्वाध्यायी 117, लखनादौन में 3359 नियमित व स्वाध्यायी 182 शामिल होंगे। कक्षा 12वीं में नियमित छात्र 13455, स्वाध्यायी 1697 सम्मिलित होंगे। धनौरा में 866 नियमित व स्वाध्यायी 47, बरघाट में 1881 नियमित व 249 स्वाध्यायी, घंसौर में 1472 नियमित व स्वाध्यायी 144, कुरई में 1131 नियमित व स्वाध्यायी 70, केवलारी में 1524 नियमित व स्वाध्यायी 199, सिवनी में 3911 नियमित व स्वाध्यायी 693, छपारा में 835 नियमित व स्वाध्यायी 110, लखनादौन में 1835 नियमित व स्वाध्यायी 185 शामिल होंगे।

282 स्कूलों के छात्र होंगे शामिल 

जिले के धनौरा में 5, घंसौर में 11, बरघाट में 9, कुरई 8, केवलारी में 10, सिवनी में 20, छपारा में 5, लखनादौन में बोर्ड परीक्षा के 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी 80 परीक्षा केंद्रों में जिले के 223 सरकारी व 59 निजी हाई स्कूल व हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र सम्मिलित होंगे। 42 संस्थागत बोर्ड परीक्षा केंद्र में छात्रों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

इन केंद्रों पर रहेगी नजर 

80 केंद्रों में से उत्कृष्ट बरघाट व कन्या हायर सेकेंडरी धनौरा को संवेदनशील केंद्र माना गया है। इसके अलावा अति संवेदनशील 8 केंद्रों में उत्कृष्ट सिवनी, कन्या हायर सेकेंडरी घंसौर, कन्या हायर सेकेंडरी बरघाट, कन्या हायर सेकेंडरी केवलारी, कन्या हायर सेकेंडरी कुरई, उत्कृष्ट धनौरा व नवीन हायर सेकेंडरी स्कूल छपारा के साथ मॉडल स्कूल लखनादौन को शामिल किया गया है। इन केंद्रों पर अधिकारियों व फ्लाइंग स्कवायड की विशेष नजर रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post