![]() |
| डेयरी संचालक पर जानलेवा हमला, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार; सोने की चेन और हथियार बरामद |
कटनी। पुरानी रंजिश को लेकर दूध डेयरी संचालक पर जानलेवा हमला करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हर्ष द्विवेदी उर्फ लल्ला पंडित को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फरियादी की लूटी गई सोने की चेन, वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का चैननुमा पंच और एक धारदार चाकू बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 26 अक्टूबर 2026 को सुख्खन चौक निवासी 57 वर्षीय डेयरी संचालक किशोर तोमर के साथ जालपा मढ़िया के पास एक गली में हुई। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने घात लगाकर उन पर ईंट-पत्थर और लोहे की चैननुमा वस्तु से हमला किया, जिससे उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। इसी दौरान उनके गले में पहनी सोने की चेन भी लूट ली गई।
जबलपुर रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा ने कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय को आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी जबलपुर रेलवे स्टेशन के आसपास मौजूद है और ट्रेन से बाहर भागने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम जबलपुर पहुंची और बताए गए हुलिए के अनुसार घेराबंदी कर हर्ष द्विवेदी उर्फ लल्ला पंडित को अभिरक्षा में ले लिया।
सोने की चेन और हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से किशोर तोमर की सोने की चेन, घटना में इस्तेमाल किया गया चैननुमा पंच और एक धारदार चाकू जब्त करने की जानकारी दी है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इस मामले में थाना कोतवाली कटनी में अपराध क्रमांक 1209/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी) और 109(1) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
आरोपी के खिलाफ पहले से 11 मामले दर्ज होने का दावा
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में 11 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और उप पुलिस अधीक्षक अजाक अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई में कोतवाली पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामले में गिरफ्तारी और कथित लूट की संपत्ति की बरामदगी हुई है। अब प्रकरण की विवेचना के दौरान घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की जांच की जाएगी।
