| अवैध दवा बिक्री पर पुलिस सख्त, दवा संघ के पदाधिकारियों के साथ हुई अहम बैठक |
रायपुर - शहर में अवैध एवं नियम विरुद्ध तरीके से दवाइयों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी कड़ी में पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर श्री स्मृतिक राजनाला ने मंगलवार को पुराने पुलिस मुख्यालय स्थित अपने कार्यालय में रायपुर दवा संघ के अध्यक्ष, पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में विशेष रूप से शेड्यूल एच-1 और मनोचिकित्सकीय दवाइयों की बिक्री एवं वितरण से जुड़े नियमों के पालन को लेकर चर्चा की गई।
पुलिस उपायुक्त ने दवा व्यवसायियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शेड्यूल एच-1 तथा अन्य नियंत्रित एवं मनोचिकित्सकीय दवाइयों की बिक्री बिना वैध चिकित्सकीय पर्ची या निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत नहीं की जाए। उन्होंने कहा कि कुछ दवाइयों का अनधिकृत सेवन नशे के रूप में किया जा सकता है। इसका सबसे अधिक असर युवाओं पर पड़ने की आशंका रहती है और इससे समाज में गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
उन्होंने दवा दुकान संचालकों से कहा कि दवाइयों की बिक्री से संबंधित सभी आवश्यक रिकॉर्ड नियमानुसार संधारित किए जाएं। किसी भी व्यक्ति द्वारा संदिग्ध तरीके से नियंत्रित दवाइयां खरीदने का प्रयास किए जाने अथवा किसी अन्य अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस या संबंधित विभाग को सूचित किया जाए।
नियमों का उल्लंघन मिला तो होगी कार्रवाई
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि दवा व्यवसायियों के लिए निर्धारित कानूनी प्रावधानों का पालन करना अनिवार्य है। जांच के दौरान यदि किसी दुकान पर नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि दवा व्यवसायियों के साथ समन्वय स्थापित कर अवैध दवा बिक्री और नियंत्रित दवाइयों के दुरुपयोग को रोकना है। पुलिस उपायुक्त ने दवा संघ के पदाधिकारियों से भी अपील की कि वे अपने सदस्यों और शहर के दवा दुकान संचालकों को नियमों के प्रति जागरूक करें। विशेष रूप से ऐसी दवाइयों की बिक्री में अतिरिक्त सावधानी बरती जाए, जिनका दुरुपयोग नशीले पदार्थ के तौर पर किया जा सकता है।
बड़े स्तर पर जागरूकता सम्मेलन की तैयारी
रायपुर दवा संघ के अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों ने पुलिस की पहल का स्वागत किया और अवैध दवा बिक्री रोकने में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। संघ ने कहा कि अपने स्तर पर भी दवा कारोबारियों को नियमों की जानकारी दी जाएगी और अवैध बिक्री को हतोत्साहित किया जाएगा। बैठक में पुलिस और दवा व्यवसायियों के बीच बेहतर समन्वय तथा सूचनाओं के आदान-प्रदान पर भी चर्चा हुई। आगामी दिनों में शहर के सभी दवा दुकान संचालकों के साथ बड़े स्तर पर जागरूकता एवं समन्वय सम्मेलन आयोजित करने पर सहमति बनी। पुलिस और दवा संघ के संयुक्त प्रयासों से नियंत्रित दवाइयों की अवैध बिक्री तथा उनके दुरुपयोग पर प्रभावी रोक लगाने की दिशा में काम किया जाएगा। बैठक में मेडिकल एसोसिएशन जिला रायपुर के अध्यक्ष विनय कृपलानी, सचिव संजय रावत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अश्विनी विग, उपाध्यक्ष आशीष कुमार, कोषाध्यक्ष नीतेश जैन, सह-सचिव मनीष सोनी, दीपक लालवानी एवं वरुण चिमनानी सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। पुलिस की ओर से सहायक पुलिस आयुक्त संजय सिंह, नरेश पटेल तथा प्रभारी एसीसीयू निरीक्षक सतीश सिंह गहरवार भी बैठक में उपस्थित रहे।