| मनगवां में पिस्टल से फायर कर हत्या के प्रयास का खुलासा, मास्टरमाइंड समेत दो अपचारी बालक गिरफ्तार |
मनगवां। मनगवां बस्ती के वार्ड क्रमांक 05 में 28 जुलाई की देर रात युवक पर पिस्टल से फायर कर हत्या के प्रयास के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में कथित मास्टरमाइंड सत्यप्रकाश गुप्ता उर्फ मोन्टी सहित दो विधि-विरुद्ध अपचारी बालकों को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार वारदात पुरानी रंजिश के चलते एक साजिश के तहत अंजाम दी गई थी। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पिस्टल, बिना नंबर की मोटरसाइकिल, मैगजीन, कारतूस, बैग और काला नकाब बरामद किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गुरु करण सिंह के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (देहात) संदीप मिश्रा एवं एसडीओपी मनगवां प्रतिभा शर्मा के निर्देशन तथा थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में मनगवां पुलिस टीम ने की।
घर के बाहर बैठे युवक पर किया था फायर
पुलिस के मुताबिक 28 जुलाई 2026 की रात करीब 10.50 बजे मनगवां बस्ती निवासी 26 वर्षीय संदीप कुमार गुप्ता अपने घर के बाहर बने चबूतरे पर बैठा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश युवक वहां पहुंचे। बाइक चला रहे व्यक्ति ने संदीप से बसेड़ा गांव जाने का रास्ता पूछा। इसी दौरान पीछे बैठे युवक ने कमर से पिस्टलनुमा हथियार निकालकर संदीप पर कथित रूप से हत्या की नीयत से फायर कर दिया। गोली संदीप की बाईं आंख और नाक के बीच लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल संदीप को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आईसीयू में भर्ती कराया गया। मामले में थाना मनगवां में अपराध क्रमांक 431/26, धारा 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना के बाद अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मनगवां बस्ती में लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ ही नेशनल हाईवे पर स्थित टोल प्लाजा एवं अन्य स्थानों के कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके आधार पर एक विधि-विरुद्ध अपचारी बालक को दस्तयाब कर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने घटना में अपने साथी विधि-विरुद्ध अपचारी बालक और सत्यप्रकाश गुप्ता उर्फ मोन्टी के शामिल होने की जानकारी दी।
पुरानी रंजिश को लेकर रची थी साजिश
पुलिस के अनुसार सत्यप्रकाश गुप्ता उर्फ मोन्टी घायल संदीप कुमार गुप्ता के घर का पड़ोसी है। दोनों के बीच पूर्व से विवाद और रंजिश होने की बात सामने आई है। पुलिस का दावा है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते सत्यप्रकाश ने दो विधि-विरुद्ध अपचारी बालकों के साथ मिलकर हमले की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की हीरो मोटरसाइकिल, एक पिस्टल, एक मैगजीन, एक कारतूस, भूरे रंग का बैग और काले रंग का मास्क बरामद किया है।
मास्टरमाइंड सहित तीन आरोपी पकड़े
पुलिस ने मामले में सत्यप्रकाश गुप्ता उर्फ मोन्टी पिता छोटेलाल गुप्ता, उम्र 27 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 05 मनगवां बस्ती को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही दो विधि-विरुद्ध अपचारी बालकों को भी दस्तयाब किया गया है। पुलिस ने मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक धीरेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक बलराम पासी, प्रधान आरक्षक आशीष सिंह, आरक्षक अमरीश सिंह तथा पुलिस लाइन रीवा के आरक्षक अर्पित सिंह, अखिल सिंह और विजय यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार और अन्य सामग्री जब्त कर मामले की विवेचना जारी रखी है। पुलिस अब वारदात की पूरी साजिश, हथियार के स्रोत और आरोपियों की भूमिका से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।