दमोह; गंगा दशहरा पर बुंदेलखंड में जल स्रोतों का पूजन: निकाली भव्य कलश यात्रा, दिया जल संरक्षण का संदेश

    दमोह; गंगा दशहरा पर बुंदेलखंड में जल स्रोतों का पूजन: निकाली भव्य कलश यात्रा, दिया जल संरक्षण का संदेश

    दमोह/हिंडोरिया - मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद दमोह के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे 'जल गंगा संवर्धन अभियान' के तहत गंगा दशहरा पर्व पर ग्रामीण अंचलों में जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन का अनूठा संकल्प लिया गया। सेक्टर बांदकपुर के अंतर्गत आने वाले ग्राम छापरी ठाकुर में 'ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति' द्वारा नवांकुर संस्था 'मिशन जन जागृति युवा मंडल' के विशेष सहयोग से शाला मंदिर परिसर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

    कुएं पर जल पूजन और महाआरती से शुरुआत

    कार्यक्रम का शुभारंभ शाला परिसर में स्थित ऐतिहासिक कुएं पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जल पूजन, शिवलिंग पर अभिषेक और भव्य गंगा आरती के साथ हुआ। इसके पश्चात महिलाओं और बालिकाओं द्वारा एक भव्य 'गंगा कलश यात्रा' निकाली गई। यह यात्रा शाला मंदिर से प्रारंभ होकर स्कूल परिसर तक गई और वहां से वापस शाला मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। कलश यात्रा के दौरान पूरा गांव जल संरक्षण के नारों से गुंजायमान रहा।

    जागरूकता से ही बचेगा पानी:

    कलश यात्रा के समापन के बाद 'जल संवाद संगोष्ठी' का आयोजन किया गया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए 'मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम' दमोह के मेंटर राजकुमार सेन ने कहा, "गंगा दशहरा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति आभार जताने का दिन है। आज के दिन हमें गंगा और अन्य पवित्र नदियों के साथ-साथ अपने स्थानीय पारंपरिक जल स्रोतों को बचाने का सामूहिक संकल्प लेना होगा। समुदाय की सजग जागरूकता और सक्रिय सहभागिता से ही जल संकट का स्थाई समाधान संभव है।"

    वरिष्ठ समाजसेवियों और ग्रामीणों की रही गरिमामयी उपस्थिति

    इस पावन अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी गिरवर सिंह, गोविंद पटेल, ग्राम रोजगार सहायक हेमराज पटेल, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, सचिव दरयाव सिंह, अंजलि सिंह, प्रेम सिंह सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति और ग्रामवासी उपस्थित रहे।

    सेक्टर के अन्य ग्रामों में भी दिखा भारी उत्साह

    ग्राम छापरी ठाकुर के साथ-साथ बांदकपुर सेक्टर के अन्य प्रमुख ग्रामों जैसे गुंजी, मुहली, पिपरिया साहनी, सलैया तथा नगर विकास प्रस्फुटन समिति वार्ड क्रमांक 05 हिंडोरिया में भी गंगा दशहरा का पर्व पूरी आस्था के साथ मनाया गया। इन सभी स्थानों पर स्थानीय तालाबों, कुओं और बावड़ियों जैसे जल स्रोतों का पूजन कर कलश यात्राएं निकाली गईं और ग्रामीणों को पानी की एक-एक बूंद सहेजने की शपथ दिलाई गई।

    Post a Comment

    Previous Post Next Post