| भारती-हर्ष के तलाक की खबर निकली 'फुस्स': कॉमेडी क्वीन ने फेक न्यूज वालों को धोया, बोलीं— 'मर कर भी अलग नहीं होंगे हम Aajtak24 News |
मुंबई: कॉमेडी क्वीन भारती सिंह और राइटर हर्ष लिंबाचिया की जोड़ी को इंडस्ट्री की सबसे मजबूत और खुशमिजाज जोड़ियों में गिना जाता है। लेकिन हाल ही में सोशल मीडिया और कुछ न्यूज पोर्टल्स पर यह अफवाह तेजी से फैली कि 'हमारे बीच दरार पड़ चुकी है' और यह कपल अलग होने जा रहा है। इन खबरों से फैंस के बीच हड़कंप मच गया। अब खुद भारती सिंह ने सामने आकर इन "घटिया खबरों" की सरेआम धज्जियां उड़ाई हैं और अपने ही अंदाज में सच साफ किया है।
"हमारे घर में नींबू अच्छे नहीं आ रहे और लोग कह रहे हैं खटास आ गई!"
लगातार उड़ रही अफवाहों पर फुल स्टॉप लगाने के लिए भारती सिंह ने अपने ऑफिशियल व्लॉग (Vlog) का सहारा लिया। व्लॉग की शुरुआत में उन्होंने चुटकी लेते हुए बिल्कुल उसी गंभीर टोन में बात की जैसी खबरों में दिखाई जा रही थी।
भारती ने कहा, "दोस्तों मैं अब हर्ष के साथ नहीं रह सकती क्योंकि अब हम दोनों के बीच में दरारें आने लगी हैं। इरिटेशन होने लगी है और बहुत सारी बातें हैं जो हर्ष को बर्दाश्त नहीं होती हैं।" लेकिन इसके तुरंत बाद भारती अपने असली रंग में आईं और फेक न्यूज चलाने वालों को आड़े हाथों लेते हुए कहा, "ऐसी बहुत सारी घटिया न्यूज आ रही हैं जो बहुत ही गलत हैं। हम बिल्कुल भी अलग नहीं हो सकते, शायद मर कर भी अलग ना हों। ये जो न्यूज होती हैं, वो सुनने में बहुत मजा आता है कि भारती और हर्ष के बीच बड़ी दरार, उनके रिश्ते में आई खटास... अरे भाई! हमारे घर में नींबू अच्छे नहीं आ रहे हैं और ये कह रहे हैं कि रिश्ते में खटास आ गई है?" इस बयान से भारती ने साफ कर दिया कि उनके और हर्ष के बीच सब कुछ एकदम परफेक्ट है।
9 साल का सफर और दो प्यारे बच्चे
आपको बता दें कि भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया ने साल 2017 में एक-दूसरे से बेहद धूमधाम से शादी की थी। शादी से पहले दोनों ने कई सालों तक एक-दूसरे को डेट किया और स्क्रीन पर कई हिट शोज लिखे। यह कपल अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी काफी चर्चा में रहता है। साल 2022 में इनके घर बड़े बेटे 'लक्ष्य' (गोला) की किलकारी गूंजी थी, वहीं इसी साल 2026 में भारती और हर्ष अपने दूसरे बेटे 'यशवीर' के माता-पिता बने हैं।
भारती और हर्ष अक्सर कई रियलिटी शोज को एक साथ होस्ट करते नजर आते हैं और उनका ऑन-स्क्रीन तथा ऑफ-स्क्रीन मज़ाक फैंस को बेहद पसंद आता है। भारती के इस स्पष्टीकरण के बाद अब उनके चाहने वालों ने राहत की सांस ली है।