कान्याखेड़ी जलाशय डूब क्षेत्र पुनर्वास स्थल के पास किया हुआ अतिक्रमण हटाया गया Aajtak24 News

कान्याखेड़ी जलाशय डूब क्षेत्र पुनर्वास स्थल के पास किया हुआ अतिक्रमण हटाया गया Aajtak24 News

सीहोर - जावर तहसील अंतर्गत कान्याखेड़ी जलाशय के डूब क्षेत्र में आने वाले ग्राम केशोपुर के पुनर्वास स्थल पर बुधवार सुबह अतिक्रमण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। सूचना मिलते ही जावर तहसीलदार श्री ओमप्रकाश चोरमा तथा डोडी चौकी प्रभारी श्री दिनेश यादव पुलिस एवं राजस्व के दल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

तहसीलदार श्री ओमप्रकाश चोरमा ने बताया कि ग्राम केशोपुर के विस्थापित परिवारों को हर्नियागांव के समीप पुनर्वास स्थल पर प्लॉट आबंटित किए गए हैं। मौके पर जांच के दौरान पाया गया कि ग्राम केशोपुर के एक पक्ष द्वारा पुनर्वास स्थल के समीप स्थित रिक्त शासकीय भूमि पर ईंटें डालकर अतिक्रमण किया जा रहा था। वहीं दूसरे पक्ष के लोगों द्वारा इस भूमि को अपने कब्जे की भूमि बताया जा रहा था। प्रशासनिक जांच में स्पष्ट हुआ कि यह विवादित भूमि शासकीय है। इसके बाद तहसीलदार और चौकी प्रभारी ने दोनों पक्षों को समझाइश दी तथा अतिक्रमण के प्रकरण तैयार किए गए।

इसी दौरान यह जानकारी भी मिली कि ग्राम केशोपुर निवासी उदल सिंह द्वारा ग्राम कल्याणपुरा स्थित भूमि लगभग 5000 वर्गफीट भूमि पर अवैध रूप से बीम-कॉलम डालकर मकान निर्माण किया जा रहा है। जबकि संबंधित व्यक्ति को पुनर्वास स्थल पर पहले ही प्लॉट आवंटित किया जा चुका है। इस मामले में तहसीलदार श्री सिद्धांत सिंह सिंगला द्वारा अतिक्रमणकर्ता पर अर्थदंड की कार्यवाही की जा चुकी है। राजस्व एवं पुलिस के अमले ने मौके पर पहुंचकर तत्काल अतिक्रमण हटाया और भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।

तहसीलदार श्री ओमप्रकाश चोरमा ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्र में अशांति फैलाने या शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन द्वारा ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post