![]() |
महत्वपूर्ण त्योहारों के लिए महतारी वंदन योजना से रामबाई को मिली आर्थिक संजीवनी Rambai got financial lifeline from Mahtari Vandan Yojana for important festivals. |
कोरबा - अपने घर की परछी में मक्के का बीज निकालती रामबाई खुश हैं कि इस बार दशहरा-दीपावली के त्योहार के समय उन्हें बहुत ज्यादा आर्थिक समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ेगा। शहर से लगभग सौ किलोमीटर दूर जंगल और पहाड़ी इलाकों में रहने वाली रामबाई के लिए जीवनयापन किसी जद्दोजहद से कम नहीं है।
वह बताती हैं कि पहाड़ी इलाकों में बारिश का कोई भरोसा नहीं होता, इसलिए फसल बोने और उसे सुरक्षित काटने की कोई गारंटी नहीं होती। लेकिन जबसे मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने महतारी वंदन योजना शुरू की है, तब से उन्हें अपने खाते में हर माह एक हजार रुपए आने की गारंटी मिल गई है। उनका कहना है कि एक हजार रुपए मिलने की गारंटी ने उन्हें इस बार यह भी विश्वास दिला दिया है कि वह आने वाले दशहरा-दीपावली को बीते वर्षों की तुलना में बहुत बेहतर तरीके से मना सकती हैं।
कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक में दूरस्थ ग्राम जजगी में रहने वाली रामबाई ने बताया कि इस बार बारिश ठीक-ठाक हुई है, लेकिन पहाड़ी इलाकों में पानी का ठहराव अधिक समय तक नहीं रहता। इन इलाकों में मक्के की फसल लेनी होती है, और वह अपनी बाड़ी में मक्के की फसल काट रही हैं।
उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र में धान की फसल लेना बहुत बड़ी चुनौती है। कई बार मौसम दगा दे जाता है, और बारिश नहीं होने पर फसल सूख जाती है। ऐसे में ज्यादातर ग्रामीण कम पानी में उगने वाली फसलों पर ध्यान देते हैं और जीविकोपार्जन के लिए बकरी तथा अन्य पशुओं का पालन करते हैं।
रामबाई ने बताया कि उनके गांव में अधिकांश गरीब परिवार निवास करते हैं। गांव की ज्यादातर महिलाएं जीविकोपार्जन के लिए जद्दोजहद करती हैं। जब महतारी वंदन योजना की शुरुआत हुई, तो कुछ महिलाओं को भरोसा नहीं था कि हर माह उनके खाते में एक हजार आएगा। अब जब 7 महीने हो गए हैं और एक हजार रुपये निरंतर खाते में आ रहा है, तो उनका भरोसा और विश्वास छत्तीसगढ़ सरकार के प्रति बढ़ता जा रहा है।
आने वाले समय में दशहरा-दीपावली है, और इस दौरान माह में मिलने वाली एक हजार की राशि उनके जैसी अनेक जरूरतमंद महिलाओं के लिए खुशियों के साथ त्योहार मनाने में मददगार साबित होगी। इस राशि से वे कुछ कपड़े, मिठाई और अन्य जरूरी सामग्री अवश्य खरीद पाएंगी।