कोंडागांव – जगदलपुर में आयोजित जोन स्तरीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी 2024 में कोंडागांव जिले के छात्रों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया है। कोंडागांव के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उड़ीदगांव, विकासखंड माकड़ी के छात्र संतलाल नेताम और हरिश मरकाम ने अपने मैथमेटिकल मॉडल के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। अब उनका चयन राज्य स्तरीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी के लिए हुआ है, जो 15 से 18 अक्टूबर के बीच अंबिकापुर में आयोजित होगी।
छात्रों की इस उपलब्धि के लिए उनकी विज्ञान शिक्षिका श्रीमती दुर्गेश्वरी साहू का विशेष मार्गदर्शन रहा। जिला शिक्षा अधिकारी श्री आदित्य चांडक ने प्राचार्य फूलनदेवी नेताम और दोनों छात्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि भारत की सच्ची प्रतिभा सुदूर गांवों में बसती है, और ऐसे छात्रों की सफलता से देश का भविष्य उज्ज्वल होगा।
कार्यक्रम के जिला प्रभारी, पीएम श्री सेजेस महात्मा गांधी वार्ड कोंडागांव के व्याख्याता अखिलेश गायधने ने विज्ञान शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि भारत के युवा विश्व में सबसे बड़ी प्रतिभा के रूप में उभर रहे हैं, और विज्ञान शिक्षा उनके विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।