![]() |
| नशीली सिरप के कारोबार पर डिप्टी सीएम सख्त, बोले- खाली शीशियां मिलना गंभीर विषय |
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नशीली सिरप के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है और इसका असर भी दिखाई देने लगा है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी लक्ष्य तक नहीं पहुंचे हैं। इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगाना जरूरी है।
उन्होंने मांग और आपूर्ति का उदाहरण देते हुए कहा कि किसी वस्तु की आपूर्ति कम होने पर उसकी कीमत बढ़ जाती है। नशीली सिरप की कीमतों में बढ़ोतरी भी मांग और आपूर्ति के बीच आए अंतर का संकेत हो सकती है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्रवाई की गति बनाए रखते हुए अवैध कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं।
खाली शीशियां मिलना गंभीर विषय
रीवा शहर के अलग-अलग इलाकों में नशीली सिरप की खाली शीशियां मिलने और अवैध बिक्री को लेकर लंबे समय से चिंता जताई जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर खाली शीशियां मिलना इस समस्या की गंभीरता की ओर ध्यान दिलाता है। उपमुख्यमंत्री ने इसे गंभीर विषय मानते हुए अधिकारियों से प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया।
दैनिक आज तक 24 द्वारा नशे के विरुद्ध लगातार समाचार प्रकाशित कर इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जा रहा था। नशीली सिरप के अवैध कारोबार और जगह-जगह खाली शीशियां मिलने की समस्या को लेकर प्रकाशित खबरों के बीच अब उपमुख्यमंत्री ने भी अधिकारियों के साथ बैठक कर इस पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं।
कार्रवाई के साथ परिणाम पर भी नजर
नशीली सिरप के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई अहम मानी जा रही है। अब चुनौती केवल कार्रवाई करने तक सीमित नहीं है, बल्कि अवैध बिक्री की आपूर्ति शृंखला पर प्रभावी रोक लगाने और सार्वजनिक स्थानों पर खाली शीशियां मिलने जैसी स्थिति को समाप्त करने की भी है।
उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रशासन सही दिशा में आगे बढ़ रहा है, लेकिन मंजिल अभी दूर है। ऐसे में निगरानी, कार्रवाई और विभागों के बीच बेहतर समन्वय के जरिए नशीली सिरप के अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने की जरूरत है। अब देखना होगा कि निर्देशों के बाद रीवा में जमीनी स्तर पर कितने प्रभावी परिणाम सामने आते हैं।
