| बाढ़ के बीच नदी पार कर पुलिस ने बरामद किया महिला का शव |
शहडोल/ब्यौहारी। ब्यौहारी थाना क्षेत्र के ग्राम नगनौड़ी में एक 45 वर्षीय महिला ने झापर नदी के दूसरी ओर स्थित बगीचे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद महिला का शव नदी पार कर गांव और मुख्य मार्ग तक लाना पुलिस तथा ग्रामीणों के लिए चुनौती बन गया। झापर नदी में बाढ़ और तेज बहाव के चलते पुलिस वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच सका। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान राजवती बैगा, पति कामता बैगा, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम नगनौड़ी के रूप में हुई है। महिला ने गांव के समीप बहने वाली झापर नदी के दूसरी ओर स्थित बगीचे में फांसी लगाई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
ग्रामीणों के अनुसार घटनास्थल गांव से करीब एक किलोमीटर दूर नदी के दूसरी ओर है। वर्तमान में लगातार बारिश के कारण झापर नदी में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। पानी का बहाव अधिक होने से पुलिस वाहन को घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर पहले ही रोकना पड़ा। इसके बाद पुलिसकर्मियों को ग्रामीणों के साथ पैदल नदी पार कर बगीचे तक पहुंचना पड़ा। घटनास्थल से शव को वापस लाना भी पुलिस और ग्रामीणों के लिए चुनौतीपूर्ण रहा। ग्रामीणों की मदद से शव को नदी पार कराया गया और फिर मुख्य मार्ग तक लाया गया। इस दौरान लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया, जिसमें पुलिसकर्मी और ग्रामीण मिलकर शव को नदी पार कराते नजर आ रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि नदी के दूसरी ओर कई लोगों की कृषि भूमि है, जिसके कारण सामान्य दिनों में ग्रामीणों का नदी पार आना-जाना लगा रहता है। लेकिन वर्तमान में नदी में बाढ़ के कारण यह रास्ता काफी जोखिम भरा हो गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।