महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, मनगवां में सरकार के खिलाफ बुलंद हुई आवाज

महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, मनगवां में सरकार के खिलाफ बुलंद हुई आवाज

रीवा/मनगवां। बढ़ती महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के विरोध में कांग्रेस कमेटी गंगेव द्वारा नगर पंचायत मनगवां में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशन तथा जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण रीवा के अध्यक्ष इंजी. राजेंद्र शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शक्कर, ई-20 ईंधन और घरेलू गैस सिलेंडर सहित रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी वस्तुओं की बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम परिवारों के घरेलू बजट पर पड़ रहा है। महंगाई के कारण मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों के लिए घर चलाना लगातार चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आम आदमी पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।

जनता के मुद्दों पर सड़क पर उतरी कांग्रेस

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महंगाई केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि आम परिवार की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ा सवाल है। रसोई का बजट बिगड़ने से लेकर परिवहन और दैनिक जरूरतों की बढ़ती लागत तक हर क्षेत्र में आम आदमी प्रभावित हो रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी जनता के अधिकार और हितों की आवाज सड़क से लेकर सदन तक उठाती रहेगी। महंगाई के खिलाफ आंदोलन को आगे भी जारी रखने और जनसमस्याओं को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया गया।

बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद

विरोध प्रदर्शन में संगठन महासचिव एडवोकेट रवि तिवारी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती बबिता साकेत, पूर्व विधायक श्रीमती शीला त्यागी, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एवं वर्तमान पार्षद श्री त्रिवेणी मैत्रेय, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बलराम गौतम, नगर शहर मनगवां अध्यक्ष शंकर राघव तिवारी, मनगवां युवक कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष प्रकाश तिवारी, गंगेव युवक कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष नीरज सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। इसके अलावा मनगवां मंडलम अध्यक्ष पुष्पेंद्र वर्मा, मंडलम अध्यक्ष राकेश सिंह (बबलू), रजनीश पांडे, रामशरण कोरी, युवा नेता अनिकेश पांडे, पंकज शास्त्री, पार्षद श्रीमती वंदना तिवारी, सचिन रावत, मोहम्मद हाफिज, यादवेंद्र सिंह, रामनरेश तिवारी, अनिल द्विवेदी, प्रदीप पटेल, सचिन सोनी, उमेश पटेल, सुग्रीव रावत, लक्ष्मण साकेत, मोहम्मद अनवर शाह, मोहम्मद जलालुद्दीन सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

‘महंगाई के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा’

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ अपना रोष व्यक्त किया और कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों पर पार्टी पीछे नहीं हटेगी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि महंगाई के खिलाफ संघर्ष को और व्यापक बनाया जाएगा तथा आम जनता की आवाज को लगातार बुलंद किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post